6 नवंबर को दीपोत्सव के दौरान बस्ती-अयोध्या फोरलेन पर भारी वाहनों के लिए रूट डायवर्जन रहेगा लागू
अयोध्या में भव्य दीपोत्सव के दौरान यातायात सुचारु रखने और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन ने भारी वाहनों के लिए रूट डायवर्जन योजना लागू की है।

यह डायवर्जन बस्ती-अयोध्या फोरलेन (NH-27) पर 6 नवंबर 2026 की रात 12 बजे से दीपोत्सव के समापन तक प्रभावी रहेगा।
HighLights
अयोध्या दीपोत्सव के लिए भारी वाहनों का रूट डायवर्जन।
बस्ती-अयोध्या फोरलेन पर 6 नवंबर से प्रभावी होगा।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था हेतु निर्णय।
जागरण संवाददाता, बस्ती। अयोध्या में आयोजित होने जा रहे भव्य दीपोत्सव पर्व के दौरान यातायात व्यवस्था सुदृढ़ रखने और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन ने भारी वाहन, मालवाहक, ट्रक, डीसीएम व ट्रैक्टर पर रूट डायवर्जन की योजना लागू की है।
बस्ती-अयोध्या फोरलेन (राष्ट्रीय राजमार्ग-27) पर छह नवंबर 2026 की रात 12 बजे से डायवर्जन लागू हो जाएगा, जो दीपोत्सव के समापन तक प्रभावी रहेगा। यह जानकारी सीओ यातायात कुलदीप सिंह यादव ने दी है। बताया कि जारी गाइडलाइन के अनुसार, दीपोत्सव के दौरान लाखों की संख्या में उमड़ने वाली भीड़ और वीआइपी मूवमेंट को देखते हुए बस्ती से अयोध्या वाया लखनऊ की ओर जाने वाली गाड़ियों को वैकल्पिक रास्ते दिए जाएंगे।
गोरखपुर और बस्ती से लखनऊ की तरफ जाने वाले भारी वाहनों (ट्रक, ट्रेलर, डंपर) को बस्ती के कलवारी और टांडा मार्ग से पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे की ओर डायवर्ट किया जाएगा। वाहनों को बस्ती फुटहिया/ पटेल चौराहे से गंतव्य के लिए वैकल्पिक मार्गों (अकबरपुर, सुल्तानपुर होते हुए) पर भेजा जाएगा। इसी तरह लोलपुर से नवाबगंज, गोंडा होते हुए लखनऊ की तरफ डायवर्ट किया जाएगा।