जलस्तर बढ़ने के साथ ही तटबंधों दबाव बना रही सरयू
बस्ती: सरयू नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। नदी तटबंधों पर लगातार दबाव बढ़ा रही है।
बस्ती: सरयू नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। नदी तटबंधों पर लगातार दबाव बढ़ा रही है। कटरिया-चांदपुर तटबंध के स्परों व ठोकरों पर दबाव बना हुआ है। खेती योग्य जमीन लगातार नदी की धारा में समा रही है। तटबंधों पर कटान न होने से बाढ़ खंड के अधिकारी व कर्मचारी राहत महसूस कर रहे हैं। शुक्रवार को नदी का जलस्तर 6 सेमी और बढ़ गया है। नदी खतरे के निशाना 92.73 से 34 सेमी नीचे 92.39 मीटर पर बह रही है। गुरुवार को नदी 92.33 मीटर पर प्रवाहित हो रही थी। केंद्रीय जल आयोग की मानें तो जलस्तर में लगातार वृद्धि हो रही है। शनिवार तक जलस्तर और बढ़ने की संभावना है। नदी में कटान होने की वजह से तटवर्ती गांवों के लोगों में दहशत बनी हुई है। ब्लाक क्षेत्र के दिलासपुर और खजांचीपुर गांव के लोग कटान की वजह से खुद ही अपना घर उजाड़ रहे हैं। कटरिया-चादपुर तटबंध पर दबाव बरकरार है। खजांचीपुर गांव के पास खाली जमीन लगातार नदी की धारा में समा रही है। तटबंध के बेस बैठ रहे हैं। गौरा सैफाबाद तटबंध पर नदी का दबाव बढ़ रहा है। विक्रमजोत संवाददाता के अनुसार तटबंध विहीन गांवों में लगातार कटान चल रही है। जिससे ग्रामीणों में दहशत की स्थिति है। कुदरहा संवाददाता के अनुसार कलवारी-रामपुर तटबंध पर ठोकर संख्या एक के पास पूर्व में लगाया गया बोल्डर व जियो बैग का बेस बैठ गया है। नए बने कटर का नोज भी बह गया है। मौके पर बचाव कार्य किया जा रहा है।