आंगनबाड़ी कर्मियों ने देखा सीएम का लाइव टेलीकास्ट
महिला आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं ने गुरुवार को मुख्यमंत्री का लाइव टेलीकास्ट देखा। जनपद मुख्यालय पर विकास भवन के नीचे एलईडी प्रचार वाहन से सीएम की बात सुनी तो ब्लाक मुख्यालयों पर एलईडी टीवी से सीधा प्रसारण देखा।
बस्ती: महिला आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं ने गुरुवार को मुख्यमंत्री का लाइव टेलीकास्ट देखा। जनपद मुख्यालय पर विकास भवन के नीचे एलईडी प्रचार वाहन से सीएम की बात सुनी तो ब्लाक मुख्यालयों पर एलईडी टीवी से सीधा प्रसारण देखा।
जिला कार्यक्रम अधिकारी सावित्री देवी के साथ बड़ी संख्या में महिला आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिका दिन में 11 बजे विकास भवन परिसर में एकत्र हुईं। वहां एलईडी प्रचार वाहन पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का सीधा प्रसारण देखा और सुना। सीएम ने महिला एवं बाल कल्याण से संबंधित योजनाओं की चर्चा करते हुए 11 से 14 साल की किशोरियां जो किसी कारण से स्कूल नहीं जा सकीं या फिर किसी कारण से पढ़ाई छोड़ दी हैं उनके लिए एसएजी योजना के शुभारंभ की घोषणा की। इसके तहत प्रत्येक माह की 8 तारीख को किशोरी दिवस मनाए जाने की बात कही। जिला कार्यक्रम अधिकारी ने बताया कि सीएम ने महिला आंगनबाड़ी कार्यकर्ता को मां यशोदा की उपमा दी। कहा कि पहली महिला आंगनबाड़ी कार्यकर्ता यशोदा मां थी। उन्हीं की भांति छोटे बच्चों की देखभाल की जाती है। बताया कि सीएम ने महिला आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के मानदेय में 1500, मिनी महिला आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के मानदेय में 1250 तो सहायिका के मानदेय में 750 रुपये के वृद्धि की घोषणा की है। कुदरहा में डिहुकपुरा की आंगनवाड़ी कार्यकर्ता नीरजा त्रिपाठी के यहां टीवी पर कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री का संबोधन सुना। सीडीपीओ कृष्णेंद्र यादव व मुख्य सेविका रंजना श्रीवास्तव सहित अन्य लोग मौजूद रहीं। वेतन वृद्धि पर सभी ने खुशी जाहिर की। संघ की जिलध्यक्ष सुनीता ने वेतन वृद्धि पर साऊंघाट में खुशी का इजहार किया।