हत्या के जुर्म में तीन पीढि़यों को उम्र कैद
तीन पीढिय़ों के एक ही परिवार के पाच लोगों को आजीवन कारावास की सजा
बस्ती: अपर जिला जज मनमीत ¨सह सूरी ने नीम का पेड़ काटने के विवाद में हुई हत्या के मामले में तीन पीढि़यों के एक ही परिवार के पांच लोगों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। हत्या के इस मामले में न्यायालय ने पिता, पुत्र व पौत्र सहित पांच लोगों को सजा सुनाई है। इसके साथ ही 10 हजार रुपये अर्थदंड भी लगाया गया है। जुर्माना न देने पर दो वर्ष की अतिरिक्त सजा भुगतनी होगी। मामला लालगंज थाना क्षेत्र के डीहीखासा गांव का है। जहां के निवासी दादा हरिराम (75) उनके दो पुत्र बेचन (54) व सुनील (52) , बेचन के पुत्र रोहित (28) तथा परिवार के सदस्य विनोद (35) को उम्रकैद की सजा सुनाई गई है।
शासकीय अधिवक्ता अब्दुल समद ने न्यायालय में घटना का विवरण प्रस्तुत किया। बताया कि लालगंज थानाक्षेत्र के गांव डीहीखास निवासी शीत बसंत व हरीराम के बीच मामूली बात को लेकर खूनी संघर्ष हुआ था। हरिराम व उनके लड़के बेचन, सुनील, बेचन का लड़का रोहित तथा विनोद एक राय होकर विवादित नीम का पेड़ 15 जुलाई 2015 को करीब साढ़े बारह बजे दिन में काटने लगे। इस पेड़ पर शीतबसंत भी अपना दावा करते थे। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। बीच बचाव करने शीतबसंत के घर की महिलाएं आरती, चंद्र प्रभा, माया, गुड़िया, श्यामकली, अमित व मनोज आए। उनको भी हमलावरों ने मारपीट कर लहूलुहान कर दिया। शीतबसंत की हमलावरों ने गला दबा कर हत्या कर दी। घटना की प्राथमिकी दिवंगत के भाई सुख्खू ने दर्ज कराई थी। न्यायालय ने सभी पक्षों की दलीलें सुनने के बाद हरिराम व उनके लड़के बेचन, सुनील, बेचन का लड़का रोहित तथा परिवार के सदस्य विनोद को उम्रकैद की सजा सुनाई है।