योग से करेंगे कैंसर-मधुमेह का खात्मा
-कैंसर के खात्मे के लिए राष्ट्रीय स्तर पर प्लान बना रही सरकार -योग के फायदे का वैज्ञानिक प्रम
जागरण संवाददाता, बरेली : विश्व योग दिवस की नीव डालने के बाद मोदी सरकार इसके जरिये कैंसर-मधुमेह जैसे गंभीर रोगों के इलाज की खोज में जुटी है। मधुमेह पर तो करीब-करीब नतीजे भी सामने आ गए हैं। देश में उप्र समेत 50 जिलों के 2.50 लाख लोगों पर हुए सर्वेक्षण में साबित हुआ है, कि पहले जो मरीज इंसुलिन के सहारे रहते थे। योग करने से वो सामान्य हो गए। उसके बाद ही कैंसर को लेकर राष्ट्रीय स्तर पर व्यापक प्लान तैयार हुआ है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के योग गुरु, पद्मश्री प्रोफेसर एचआर नागेंद्र ने यह बात कही। वे गुरुवार को रुहेलखंड विश्वविद्यालय के स्थापना दिवस पर आयोजित सेमिनार में पहुंचे थे। उन्होंने कहा, योग को अब गंभीर रोगों के इलाज पर शोध के नजरिये से आगे बढ़ाया जाएगा। प्रयास हैं, जब दुनिया के बड़े जनरल्स में योगा की सफलता के रिसर्च पेपर प्रकाशित होंगे, तो यही वैज्ञानिक सबूत होंगे। क्योंकि अभी दुनिया के सामने योग की ताकत सिद्ध करने के लिए हमारे पास वैज्ञानिक प्रमाण का अभाव है।
डॉ. नागेंद्र बैंगलुरू के स्वामी विवेकानंद योग अनुसंधान समस्थाना (एस-व्यासा) डीम्ड यूनिवर्सिटी के कुलपति के भी हैं। गाय व गौमूत्र के लाभ के सवाल पर कहा कि इसका फायदा जगजाहिर है। हां, गौ मूत्र पर शोध कर हमें इसे अंतरराष्ट्रीय जनरल में प्रकाशित करना होगा। उन्होंने कहा कि पांच से दस साल में डायबटीज का खात्मा संभव होगा।
सौ जिलों में कैंसर का सर्वे
डॉ. नागेंद्र ने कहा कि कैंसर के इलाज के लिए सौ जिलों में दो करोड़ लोगों का सर्वे का लक्ष्य है। इसमें कैंसर की किस्में जानी जाएंगी। राष्ट्रीय स्तर पर एक मजबूत प्लान बनाया जा रहा है। इसमें बड़े अस्पतालों से लेकर जिला स्तर के अस्पताल सब एकजुट होकर कैंसर के मरीजों का उपचार करेंगे। इसके बाद एक प्रोटोकॉल बनेगा, जिसके पांच-छह माह बाद अस्पतालों में योग से कैंसर का इलाज किया जाएगा।
एक मंच पर योग-अध्यात्मिक गुरु
राष्ट्रीय स्तर पर इंडियन योगा एसोशिएशन बनाई है। इसमें देश के जानीमानी सत्रह शख्सियत-संस्थाएं जुड़ी हैं, जैस योग गुरु बाबा रामदेव, श्रीश्री रविशंकर, गायत्री परिवार आदि। सब मिलकर काम करेंगे तो देश का भला होगा। क्यूरेटिव योग पर भी पिछले 25 साल से काम कर रहे हैं, इसमें भी मदद मिली है।
गुजरात में जुड़े मोदी से
डॉ. नागेंद्र ने कहा कि प्रधानमंत्री गुजरात में 1982-83 से ही योग कर रहे हैं। वो अच्छे इंसान हैं। हमेशा अपडेट करते रहते हैं। पिछली बार मैंने उन्हें डायबटीज के बारे में बताया था। इस बार कैंसर का प्रोजेक्ट है।