मौसम का हाल : उमस बढ़ाकर उड़ गए बदरा Bareilly News
बारिश के आसार बने लेकिन हवा के साथ बादल उड़ गए। फिर तेज धूप से तापमान भी बढ़ा। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में बारिश होने के आसार हैं।
बरेली, जेएनएन : शहर में लोग मंगलवार को उमस भरी गर्मी से परेशान रहे। दिन में कई बार आसमान में बादल छाए। बारिश के आसार बने, लेकिन हवा के साथ बादल उड़ गए। फिर तेज धूप से तापमान भी बढ़ा। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में बारिश होने के आसार हैं, जिससे लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिलेगी। मौसम विभाग के अनुसार बुधवार और गुरुवार को आसमान में बादल रहेंगे। हवा के दबाव पर बारिश होने की भी संभावना है।
शहर में मंगलवार को पूरे दिन धूप छांव बनी रही। कई बार आसमान में काले बादल छाए, लेकिन दोपहर 2.30 बजे के बाद से आसमान साफ हुआ और तेज धूप निकली। मौसम विभाग के अनुसार हवा में अधिकतम आद्रता 92 प्रतिशत रही, जिससे तापमान और उमस बढ़ी। लोग गर्मी से परेशान हुए। स्थानीय मौसम विभाग के अनुसार दिन का अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक 34.7 डिग्री सेल्सियस रहा। न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक 26.3 डिग्री सेल्सियस रहा।
बिजली कटौती और ट्र्रिंपग के चलते जूझे लोग
बिजली कटौती और ट्र्रिंपग ने इसमें इजाफा किया। वहीं, किला क्षेत्र में मुहर्रम का जुलूस निकला तो एहतियात के तौर पर बिजली काट दी गई।मुहर्रम के सभी जुलूस किला क्षेत्र स्थित कर्बला में पहुंचे, इसलिए बिजली विभाग के अफसरों ने यहां की सप्लाई बंद करा दी। इसे देरशाम सुचारू किया गया। इसके अतिरिक्त बिहारीपुर के विभिन्न मुहल्लों में पूरे दिन ट्र्रिंपग की समस्या रही। यहां पर हर आधे घंटे पर ट्र्रिंपग से लोग परेशान हुए। सिविल लाइंस क्षेत्र में स्थिति सामान्य रही।
सुभाष नगर में शाम को एक घंटे हुई कटौती
शहर में शाम को बिजली संकट गहराया। यहां पर शाम 6.15 बजे बिजली गई। फिर एक घंटे से अधिक की कटौती हुई। फिर देर शाम 7.30 बजे के बाद क्षेत्र की बिजली आपूर्ति सुचारु हुई।