बरेली के राजेंद्र नगर व आसपास के क्षेत्रों में दूसरे दिन भी ठप रही जलापूर्ति
जासं, बरेली: राजेंद्र नगर समेत आसपास के करीब 10 हजार घरों में दूसरे दिन भी पानी की सप्लाई बाधित रही।
जासं, बरेली: राजेंद्र नगर समेत आसपास के करीब 10 हजार घरों में दूसरे दिन भी पानी की सप्लाई बाधित रही। जलकल विभाग ने देर शाम तक फाल्ट को ठीक किया। शनिवार सुबह से वहां पानी की सप्लाई शुरू करने का दावा अधिकारी कर रहे हैं।
बांके बिहारी मंदिर के पीछे फतेह बगिया में बने ओवरहेड टैंक से राजेंद्र नगर, इंदिरा नगर, जनकपुरी और आवास-विकास के करीब 10 हजार घरों में पानी की सप्लाई होती है। गुरुवार दोपहर ओवरहेड टैंक के वाल्व का स्पेंडल खराब हो गया। इससे पानी की सप्लाई बाधित हो गई। स्थानीय पार्षद सतीश चंद्र सक्सेना की सूचना पर पहुंची जन निगम की टीम ने गुरुवार को ही मरम्मत शुरू कर दी थी जो शुक्रवार को भी दिनभर जारी रही। शाम तक वाल्व का स्पेंडल ठीक हो पाया। पानी नहीं मिलने पर लोगों ने हैंडपंप का सहारा लिया। जलकल महाप्रबंधक राजेश कुमार यादव ने बताया कि फाल्ट बड़ा होने के कारण उसे ठीक करने में समय लगा। शनिवार सुबह से रूटीन प्रक्रिया के तहत ओवरहेड टैंक से पानी की सप्लाई की जाएगी।
---
पीलीभीत में जलभराव से परेशानी
पीलीभीत के अमरिया में पांच दिन से हो रही बारिश ने क्षेत्र के ग्राम पंचायतों में जलभराव की समस्या पैदा कर दी है। सफाई की लचर व्यवस्था के कारण पानी की निकासी नहीं हो पा रही है। जबकि गांवों में शासन के निर्देश पर सफाई व्यवस्था चाक-चौबंद रखने और संचारी रोग से बचने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। ग्रामीणों को तो जागरूक किया जा रहा है लेकिन अफसर खुद जागरूक नहीं हैं। गांवों में बारिश से सड़कें कीचड़ से पटी हैं। गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है। अमरिया ब्लाक क्षेत्र की सबसे बड़ी पंचायत है। लेकिन सफ़ाई व्यवस्था चौपट है। कस्बे में होकर गुजरने वाला मुख्य मार्ग जो दूसरे गांव को जाता है, काफी समय से खराब है। स्थानीय लोगों ने बताया लंबे अरसे से कस्बे से होकर तुमड़िया को जाने वाला मार्ग खराब है। बारिश में गंदगी से मच्छर मक्खी का प्रकोप बढ़ गया है। जिससे बीमारियों का खतरा फैल सकता है। एसडीएम अमरिया रामदास ने कहा कि सफाई व्यवस्था दुरूस्त करने के निर्देश दिए गए हैं।