वार्ड समितियों की होगी प्रतियोगिता, चुने जाएंगे स्वच्छ वार्ड
जागरण संवाददाता, बरेली : शहर को स्वच्छ बनाने के लिए सबसे पहले यहां के वार्डो से गंदगी साफ करनी
जागरण संवाददाता, बरेली : शहर को स्वच्छ बनाने के लिए सबसे पहले यहां के वार्डो से गंदगी साफ करनी होगी। इसके लिए नगर निगम ने लोगों को जागरूक करने का काम शुरू कर दिया है। सभी पार्षदों और स्वच्छ वातावरण समिति के सदस्यों को स्वच्छता के टिप्स दिए जा चुके हैं। अब उनके बीच प्रतियोगिता कराकर स्वच्छ वार्ड चुने जाएंगे और सदस्यों को पुरस्कृत किया जाएगा।
चार जनवरी से शुरू हो रहे स्वच्छता सर्वेक्षण के लिए नगर निगम ने तैयारी तेज कर दी है। शहर के सभी 80 वार्डो के पार्षदों को नगर निगम में बुलाकर स्वच्छता सर्वेक्षण में किए जाने वाले जरूरी कामों के बारे में बताया जा चुका है। समस्याओं के निदान और उसे साफ-सुथरा बनाए रखने को वार्ड स्वच्छ वातावरण समिति भी बनाई गई है, जिसमें उसी वार्ड के आठ से दस प्रमुख लोगों को शामिल किया गया है। महापौर और नगर आयुक्त सभी समीति के सदस्यों को जागरूक कर चुके हैं। उन्हें यह भी बताया गया है कि वार्ड के लोगों को सकारात्मक प्रतिक्रिया के लिए किस तरह प्रेरित करें। अब नगर निगम सभी समितियों के बीच प्रतियोगिता कराने वाला हैं। इसमें सबसे स्वच्छ वार्ड को चुना जाएगा। नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अशोक कुमार ने बताया कि जल्द वार्ड समिति के सदस्यों के बीच प्रतियोगिता कराई जाएगी। सबसे अधिक स्वच्छ और जागरूक लोगों वाले वार्ड के समिति के सदस्यों को पुरस्कृत किया जाएगा।