Loksabha Election 2019: पांच साल में सवा सात करोड़ बढ़ी वरुण गांधी की चल-अचल संपत्ति
यूनिवर्सिटी ऑफ लंदन से एमएससी पास वरुण गांधी कुल 24 करोड़ 70 लाख 98 हजार 771 रुपये की चल संपत्ति है जबकि 32 करोड़ 55 लाख की अचल संपत्ति के मालिक हैैं।
जेएनएन , पीलीभीत : यूनिवर्सिटी ऑफ लंदन से एमएससी पास वरुण गांधी ने बतौर भाजपा प्रत्याशी दूसरी बार पीलीभीत लोकसभा से शुक्रवार को नामांकन दाखिल कर दिया। शपथपत्र में दिए ब्योरे के मुताबिक, वे दिल्ली निवासी हैैं। पत्नी यामिनी स्वरोजगार करती हैैं, जबकि खुद सांसद निधि से प्राप्त वेतन और संपत्ति के किराए पर आश्रित हैैं। फिलहाल उनके पास नकदी सिर्फ 40 हजार 500 रुपये है। पत्नी के पास मात्र तीन हजार नकद हैैं। कुल 24 करोड़ 70 लाख 98 हजार 771 रुपये की चल संपत्ति है, जबकि 32 करोड़ 55 लाख की अचल संपत्ति के मालिक हैैं। घोषणा पत्र के मुताबिक, करीब सवा सात करोड़ रुपये की चल-अचल संपत्ति में बढ़ोत्तरी पांच साल के भीतर हुई है।
वरुण गांधी ने बैंकों की जो डिटेल दी है, उसमें उनके खाते में 19 करोड़ 81 लाख 19 हजार 590 रुपये जमा हैं। जबकि पत्नी के बैंक खातों में 88 लाख 2 हजार 509 रुपये जमा हैं। उनके नाम एक वाहन भी है, जिसकी कीमत 34 लाख 30 हजार रुपये बताई गई है। आकलन के मुताबिक, पत्नी के बैैंक खातों में 11.88 लाख से बढ़कर 88 लाख रुपये हो गए।
वर्ष 2014 की संपत्ति
वर्ष 2014 का लोकसभा चुनाव वरुण गांधी ने सुल्तानपुर सीट से लड़ा था। उस समय उन्होंने अपनी संपत्ति का जो ब्योरा दिया, उसके अनुसार बैंकों में उनका 19 करोड़ 96 लाख रुपये जमा था। पत्नी के बैंक खातों में कुल 11 लाख 88 हजार रुपये जमा थे। कुल 20 करोड़ की चल संपत्ति का उन्होंने अपने को स्वामी बताया था। अचल संपत्ति तब भी 32 करोड़ के आसपास थी।
पत्नी का बैैंक बैलेंस बढ़ा
पांच साल के भीतर वरुण गांधी का बैैंक बैलेंस करीब 15 लाख रुपये घटा है। हालांकि पत्नी यामिनी का बैैंक बैलेंस करीब 76 लाख रुपये बढ़ गया।