नगर विकास मंत्री सुरेश खन्ना करेंगे सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट का उद्घाटन
नगर विकास मंत्री सुरेश खन्ना शुक्रवार को वाकरगंज में लग रहे सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट का उद्घाटन करेंगे।
बरेली(जेएनएन)। नगर विकास मंत्री सुरेश खन्ना शुक्रवार को वाकरगंज में लग रहे सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट का उद्घाटन करेंगे। 30 नवंबर को उनके बरेली आने का फाइनल कार्यक्रम प्रशासन को मिल गया है। इसके अलावा मंत्री कान्हा उपवन एवं पशु आश्रय गृह और इंद्रा मार्किट में वेंडिंग जोन का भी उद्धघाटन करेंगे।
बाकरगंज में लग रहे कूड़ा निस्तारण के प्लांट का सोमवार को महापौर उमेश गौतम और नगर आयुक्त राजेश ने निरीक्षण किया। इस दौरान मशीनों की फिटिंग आदि का काम पूरा किया गया। प्लांट की क्षमता 100 मीट्रिक टन कूड़ा निस्तारण की है। बाकरगंज में लगभग छह लाख मीट्रिक टन कूड़ा डंप है, जिसके लिए यहां पर बड़ा प्लांट लगाया जा रहा है, जो कि प्रति घंटे दो सौ टन कूड़े का निस्तारण करेगा। यह प्लांट छह से आठ माह में अपनी पूरी क्षमता के साथ चालू हो जाएगा।
हैवी तेल, गैस, कार्बन मिलेंगे उत्पाद के रूप में
नगर आयुक्त राजेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि यह देश में अपनी तरह का पहला प्लांट जहां पूरे कूड़े का इस्तेमाल कर एनर्जी बनाई जा सकेगी। इससे मिलता-जुलता एक प्लांट देश में फिलहाल जबलपुर में संचालित हैं। प्लांट लगा रही फर्म के प्रतिनिधियों ने बताया कि इस तकनीक से कूड़े का निस्तारण ब्राजील में होता है। यहां भी कूड़े में से सिर्फ मिट्टी को अलग करेंगे। इसके बाद पूरा कूड़ा जला दिया जाएगा, जिससे हैवी आयल, गैस, कार्बन तीन उत्पाद मिलेंगे। उन्होंने बताया कि इस तेल का प्रयोग इंडस्ट्रीज में होता है।
सिर्फ मेंटीनेंस के लिए बंद होगा प्लांट
प्लांट पर मौजूद कर्मचारियों ने बताया कि यह प्लांट एक बार चालू होने के बाद लगातार चालू रहेगा। सिर्फ प्लांट के मेंटीनेंस के लिए ही इसे बंद किया जाएगा, क्योंकि प्लांट के स्टार्टअप का समय चार घंटे है, इसलिए इसे बार बार बंद नहीं करते हैं। शुरुआत में सौ मीट्रिक टन ताजा कूड़े का निस्तारण होगा। इसके बाद जनवरी माह के मध्य से यहां पहले से डंप कूड़े के ढेर का निस्तारण शुरू होगा।