UPSRTC : एआरएम रुहेलखंड पर लगा चहेतों को फ्री वेतन देने का आरोप
उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम के रुहेलखंड डिपो में सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक के ऊपर वहीं के कर्मचारियों ने अपने चहेतों को फ्री वेतन देने का आरोप लगाया है।
बरेली, जेएनएन। उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम के रुहेलखंड डिपो में सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक के ऊपर वहीं के कर्मचारियों ने अपने चहेतों को फ्री वेतन देने का आरोप लगाया है। इसके लिए कर्मचारियों ने बैठक करने के बाद विरोध भी जताया।
रोडवेज कर्मचारी यूनियन के शाखा मंत्री देवेंद्र पाल मौर्य ने कहा कि इन दिनों डिपो में भ्रष्टाचार चरम पर है। एक ओर कर्मचारियों के वेतन के लाले हैं, तो दूसरी ओर महीना वसूली लेकर दर्जनों कर्मचारियों को बिना ड्यूटी आए वेतन दिया जा रहा है। इसके साथ ही डिपो में डीजल समेत अन्य खेल भी एआरएम की शह पर किया जा रहा है। दिक्कतों के समाधान को जाने पर एआरएम पर उल्टा धमकाने का भी आरोप है। डिपो के शमशाद अली ने बताया कि ऐसे माहौल में काम करना मुश्किल होता जा रहा है।
बैठक में तय किया गया कि एआरएम की कार्यशैली के संबंध में एमडी से शिकायत की जाएगी। वहीं इस संबंध में एआरएम ने बताया कि लगाए गए आरोप निराधार है। आरोप लगाने वाले की गाड़ी का डीजल औसत नहीं आ रहा है। इसके लिए गाड़ी को क्षेत्रीय कार्यशाला भेजा गया। जिसके बाद भी सुधार नहीं हुआ। सेवा प्रबंधक के द्वारा गाड़ी हटाने के निर्देश पर गाड़ी हटाने के साथ ही चालक-परिचालक को हटाया गया है। जिसके लिए यह आरोप लगाए जा रहे हैं।