UP B.Ed Entrance Exam 2022 : देखिए कैसे भरे यूपी बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा की ओएमआर शीट
UP B.Ed Entrance Exam 2022 परीक्षा के समय जैसे ही बुकलेट मिले तो जल्दबाजी न करें। पहले उसमे दिए गए निर्देशों को अच्छे से पढ़ ले। उसके बाद ही आगे बढ़े। ऐसे ही ओएमआर सीट को भरने से पहले करें। ताकि गलती हाेने की गुंजाइश न रहे।
बरेली, जेएनएन। UP B.Ed Entrance Exam 2022 : उत्तर प्रदेश बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा कराने की जिम्मेदारी शासन से इस बार महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखंड विश्वविद्यालय को मिली है। शासन की ओर से जारी शेड्यूल के मुताबिक विवि सभी तैयारियां पूरी कर रहा है। विलंब शुल्क के साथ छात्र 20 मई तक आनलाइन आवेदन कर सकते हैं। जबकि इसके बाद कोई फार्म स्वीकार्य नहीं किया जाएगा। विवि रिकार्ड के मुताबिक साढ़े छह लाख से अधिक छात्रों ने आवेदन पत्र सबमिट कर दिए हैं। दो दिन में यह संख्या सात लाख के पार पहुंचने की उम्मीद जताई जा रही है।
यूपी बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा के राज्य समंवयक प्रो. पीबी सिंह ने बुधवार को जागरण के प्रश्न पहर में पाठकों द्वारा पूछे गए सवालों का जवाब दिया। उन्होंने छात्रों को सलाह देते हुए बताया कि परीक्षा के समय जैसे ही बुकलेट मिले तो उसमें दिए गए निर्देशों को अच्छे से पढ़ने के बाद ही आगे बढ़े। ऐसे ही ओएमआर सीट को भरने से पहले उसमें पीछे दिए गए निर्देशों को पढ़ने के बाद ही उसे भरे। ओएमआर सीट भरने में किसी प्रकार की गलती व जल्दबाजी न करें। व्हाइटनर, रबर, पेंसिल का इस्तेमाल किसी को भी नहीं करना है। केवल छात्र ब्लैक वाल पेन से ही इसको भर सकते हैं। अन्यथा की स्थिति में उनकी ओएमआर सीट रिजेक्ट हो जाएगी।
प्रश्न : बीएड प्रवेश परीक्षा के लिए एक बार फीस जमा करने के साथ आवेदन कर दिया है। कुछ शंका हो रही है कि आवेदन पत्र में कुछ गलतियां हो गई है। मैंने अभी फाइनल सबमिट नहीं किया है। क्या करना चाहिए। - राधिका शर्मा, भटनागर कालोनी
उत्तर : अगर आपने फाइनल सबमिट नहीं किया है तो करेक्शन कर सकते हैं। अगर फाइनल सबमिट कर दिया है तो फीस कर जमा कर दें। 21 मई से 24 मई तक करेक्शन करने का मौका दिया गया है। अपना रजिस्ट्रेशन नंबर डालकर इसे सही किया जा सकता है।
प्रश्न : प्रवेश परीक्षा दो शिफ्ट में होनी है, मुझे दोनों शिफ्ट में परीक्षा देनी जरूरी है ? - रोहित मौर्य, साउथ सिटी
उत्तर : हां बिल्कुल दोनों शिफ्ट में परीक्षा देना अनिवार्य है। दोनों में ही पास होना जरूरी है। पेपर -1 और पेपर -2 दोनों में 100- 100 आब्जेक्टिव टाइप क्वेश्चन होते हैं। प्रत्येक पेपर तीन-तीन घंटे का होगा।
प्रश्न : बीएड 2022-24 का शैक्षणिक सत्र कब से शुरू होने की उम्मीद है। - अंकुर यादव, राजनगर
उत्तर : बीएड शैक्षणिक सत्र 2022-23 के लिए अगस्त से काउंसिलिंग होगी। इसके बाद शैक्षणिक सत्र शुरू हो जाएगा।
प्रश्न : मैने पहले पार्ट का रजिस्ट्रेशन 15 मई से पहले कर लिया था। उसके बाद साइट में कुछ दिक्कत के चलते फार्म नहीं भर सका। अब लेट फीस मांगी जा रही है। वेबसाइट में दिक्कत होने से ऐसा हुआ है। मुझे क्या करना चाहिए? - बृजेश तिवारी, इज्जतनगर
उत्तर : वेबसाइट में कोई दिक्कत नहीं थी। वेबसाइट बहुत अच्छी चली थी और चल भी रही है। अब आपके पास लेट फीस के साथ दो दिन में आवेदन करने का मौका है।
प्रश्न : बीएड और बीपीएड में क्या अंतर है। बीपीएड में आगे किस क्षेत्र में जा सकते हैं। - मो. अकरम अंसारी, जादौपुर
उत्तर : बीएड को करने के बाद शिक्षा क्षेत्र में जा सकते हैं। जबकि बीपीएड करके क्रीडा शिक्षक, क्रीडा अधिकारी के क्षेत्र में जा सकते हैं।
प्रश्न : बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा का नमूना पत्र विवि बताएगा या नही। परीक्षा से संबंधित विवि की ओर से कोई जानकारी दी जाएगी। - अभिषेक यादव, छात्र नेता रुविवि
उत्तर : प्रवेश परीक्षा ग्रेजुएशन स्तर की है। आवेदक ने स्नातक के कला, विज्ञान, वाणिज्य, एग्रीकल्चर में से जिसको चुना है उसी से संबंधित प्रश्न पूछे जाएंगे। यह पेपर-दो का हिस्सा है। पहले पेपर में सामान्य ज्ञान के साथ हिंदी या अंग्रेजी भाषा में से किसी के प्रश्नों को उत्तर देना होगा।
प्रश्न : बीएड की होने वाली संयुक्त प्रवेश परीक्षा में कितने अंक आने पर उत्तीर्ण माना जाएगा। - नेहा मिश्रा, गुलाम नगर
उत्तर : यह तो मेरिट पर डिपेंड करेगा। होने वाली काउंसिलिंग पर भी इसका निर्णय होगा।
प्रश्न : बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा पास होने पर मनचाहा कालेज कैसे मिलेगा? - प्रियंका शुक्ला, रानी साहब का फाटक
उत्तर : अच्छे नंबर लाने पर ही मनचाहा कालेज आप पा सकते हैं।