Accident : अज्ञात वाहन की टक्कर से कार सवार पति-पत्नी और बेटे समेत चार की मौत Bareilly News
एटा रोड पर देर रात बड़ा हादसा हो गया। पूजा के लिए जा रहे परिवार की कार को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में पति-पत्नी बेटे व कार चालक की मौके पर मौत हो गई।
जेएनएन, बदायूं: एटा रोड पर देर रात बड़ा हादसा हो गया। पूजा के लिए जा रहे परिवार की कार को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में पति-पत्नी, बेटे व कार चालक की मौके पर मौत हो गई। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने कार में फंसे शवों को बाहर निकाला। उसी वाहन में सवार बेटी, एक साल का बेटा व एक अन्य घायल है। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
समरेर में रहने वाले बालिस्टर अपनी पत्नी विमला देवी, बारह साल के बेटे शेर सिंह, एक साल के बेटे भानू प्रताप व 19 वर्षीय बेटी प्रीती व सुमन के साथ एटा जा रहे थे। इसके लिए उन्होंने कस्बे में ही रहने वाले अशोक की कार किराये पर बुक कराई थी। अशोक खुद ही कार चालक चला रहे थे। एटा जाकर सभी को प्राणनाथ पूजा स्थल पर पूजन करना था। रात करीब 11 बजे उनकी कार भटोली गांव के पास पहुंची थी। उसी वक्त किसी बड़े वाहन ने सीधी टक्कर मार दी। जिससे उनके वाहन के परखच्चे उड़ गए।
वहां से गुजर रहे राहगीरों ने देखा तो पुलिस को जानकारी दी। मौके पर पुलिसकर्मियों ने देखा कि कार में कुछ लोग फंसे हुए हैं। तुरंत राहत कार्य शुरू किया गया। क्षतिग्रस्त कार के दरवाजे काटकर सभी को बाहर निकाला गया। तब तक बालिस्टर, उनकी पत्नी विमला, बेटे शेर सिंह व चालक अशोक की मौत हो चुकी थी। पिछली सीट पर ही बैठी प्रीती, सुमन व एक वर्षीय भानू को चोटें आईं थीं।
उन तीनों को तुरंत जिला अस्पताल भेजा गया। एक साल का भानू भी हादसे में घायल हुआ। जिला अस्पताल पहुंचा तो चोटों की वजह से वह चीख रहा था। कुछ ही दूरी पर उसके मां, पिता और भाई के शव रखे हुए थे। अस्पताल में जिसने भी उस मासूम को बिलखते देखा, सिहर गया। घटनास्थल पहुंचे पुलिसकर्मियों का कहना था कि इतनी भीषण टक्कर तेज गति के चलते हुई। सामने से आने वाला वाहन पूरी गति के साथ कार में जा घुसा।