कारोबारी दोस्त की मौत के बाद केंंद्रीय मंत्री संतोष गंगवार ने खुद को किया आइसोलेट
दिल्ली में केंद्रीय मंत्री संतोष गंगवार के आवास पर उनके दोस्त हीरल मोदी की ब्रेनहेमरेज से मृत्यु हो गई। बाद में उनके कोविड-19 पॉजिटिव आने के बाद हड़कंप मचा।
बरेली, जेएनएन : दिल्ली में केंद्रीय मंत्री संतोष गंगवार के आवास पर उनके दोस्त हीरल मोदी की ब्रेनहेमरेज से मृत्यु हो गई। बाद में उनके कोविड-19 पॉजिटिव आने के बाद हड़कंप मचा। केंद्रीय मंत्री ने खुद को घर में ही आइसोलेट किया है। फिलहाल वह बैठकों से भी दूरी बनाएंगे। पांच दिन इंतजार के बाद वह कोविड-19 की जांच करवाएंगे।
अहमदाबाद के कारोबारी हीरल मोदी केंद्रीय मंत्री संतोष गंगवार के दोस्त थे। हर चुनाव में वह बरेली उनके आवास पर ही रहते थे। प्रचार से लेकर तमाम कामों में मददगार थे। कारोबार के सिलसिले में दिल्ली जाने पर वह संतोष गंगवार के आवास पर ही ठहरते थे। मंगलवार को वह दिल्ली मंत्री के आवास पहुंचे। रात में वह ठीक थे। लेकिन सुबह उनकी हालत बिगड़ गई। बेसुध हालत में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने ब्रेनमेहरेज से मृत्यु होना बताया। एहतियातन जांच कराने के बाद सामने आया कि वह कोविड-19 पॉजिटिव थे।
सोमवार को केंद्रीयमंत्री ने कराई थी जांच
केंद्रीय मंत्री संतोष गंगवार ने बताया कि हीरल मोदी के संपर्क में उनके परिवार के सदस्य आए थे। इसलिए सुरक्षा के लिए सभी को आइवरमेक्टिन दवा खिलाई गई है। अब पांच दिन के बाद ही वह अपना टेस्ट दोबारा करवाएंगे। उन्होंने बताया कि सोमवार शाम को ही उन्होंने कोविड-19 का टेस्ट करवाया था, जोकि निगेटिव आया था।