बदायूं के अटैना घाट पर गंगा में डूबकर दो युवकों की मौत Badaun News
उसहैत थाना क्षेत्र में अटैना गंगाघाट पर रविवार आधी रात से ही कांवड़ियों की भीड़ जुटने लगी थी। सुबह स्नान के बाद कांवड़िए जल लेकर रवाना हो रहे थे।
बदायूं, जेएनएन : सावन के पहले सोमवार पर पुलिस-प्रशासन की सभी तैयारियां धरी रह गईं। बदायूं के अटैना घाट पर दो कांवड़ियो के नदी में डूबने की सूचना से हड़कंप मच गया। एक युवक बदायूं तो दूसरा एटा का रहने वाला था। गोताखाेरों ने आधे घंटे की मशक्कत के बाद शवों को नदी से निकाल लिया। हालांकि बाद में पता चला कि दोनों युवक सिर्फ गंगा स्नान के लिए पहुंचे थे। इस हादसे की खबर पर परिजन भी मौके पर पहुंच गए। फिलहाल परिजन शवों के पोस्टमार्टम से इंकार कर रहे हैं।
उसहैत थाना क्षेत्र में अटैना गंगाघाट पर रविवार आधी रात से ही कांवड़ियों की भीड़ जुटने लगी थी। सुबह स्नान के बाद कांवड़िए जल लेकर रवाना हो रहे थे। वहां उसावां थाना क्षेत्र के रसूलपुर गांव का देवेंद्र (23) पुत्र दयाराम और एटा के चतुर्भुज अलीगंज निवासी विपिन (22) पुत्र राजाराम भी पहुंचे थे। ज्यादा भीड़ होने की वजह से वह दोनों घाट से करीब सात सौ मीटर दूर स्नान करने के लगे। इस बीच दोनों गहरे पानी में जाकर डूबने लगे। वहां मौजूद लोगों ने शोर मचाया। कुछ दौड़कर घाट से गोताखोरों को बुलाकर ले आए। आधा घंटे की मशक्कत के बाद गोताखोरों ने देवेंद्र और विपिन को बाहर निकाला लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। हादसे की जानकारी पर परिवार वाले भी घाट पर पहुंच गए। एसओ इंद्रेश सिंह ने बताया कि सूचना देने पर दोनों युवकों के परिजन मौके पर पहुंच गए है। फिलहाल परिजन पोस्टमार्टम से इंकार कर रहे हैं।