खेत पर शौच को गई थी किशोरी, तभी दो युवक तमंचा लेकर आ गए... और फिर
गुरुवार शाम शौच को गई एक किशोरी को तमंचे के बल पर जबरन उठा ले गए। फिर एक घर में ले जाकर सामूहिक दुष्कर्म किया।
जेएनएन, बरेली : सिरौली क्षेत्र में दो बेखौफ दरिंदों ने सारी हदें पार कर दी हैं। गुरुवार शाम शौच को गई एक किशोरी को तमंचे के बल पर जबरन उठा ले गए। विरोध करने पर पिटाई लगा दी। फिर एक घर में ले जाकर सामूहिक दुष्कर्म किया। तड़के किशोरी का भाई उसे खोजते हुए पहुंचा और किसी तरह किशोरी को बचाया। आरोप है कि भाई ने आरोपितों के खिलाफ तहरीर दी तो पुलिस ने थाने से भगा दिया। हालांकि, पुलिस जांच के बाद मुकदमा दर्ज करने की बात कह रही है।
किशोरी का आरोप है कि गुरुवार शाम वह खेत पर शौच के लिए गई थी। रास्ते में दो युवकों ने तमंचे के बल पर उसे उठा लिया। उसका मुंह दबाकर एक घर में ले गए। वहां दोनों ने उसके साथ दुष्कर्म किया। विरोध करने पर उसकी पिटाई की गई। शुक्रवार सुबह करीब चार बजे उसका भाई खोजबीन करते हुए पहुंचा और उसे युवकों के चंगुल से छुड़ाया। भाई ने दोनों आरोपितों के खिलाफ नामजद तहरीर दी लेकिन, पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की। उल्टा उसे थाने से भगा दिया। बता दें कि पिछले दिनों स्कूल से लौट रहीं छात्राओं को बाइक सवार दो युवकों ने जबरन बाइक पर बैठाने का प्रयास किया था। बाद में छात्रों ने आरोपितों की पिटाई करके किसी तरह उन्हें बचाया था।
एसएचओ बोले- थाने से भगाने की बात गलत
भाई को थाने से भगाने की बात गलत है। किशोरी से महिला कांस्टेबल ने बातचीत की है। उसी के आधार पर जांच की जा रही है और मुकदमा किया जाएगा। -सोमप्रकाश, एसएचओ सिरौली