पीलीभीत टाइगर रिजर्व में आज से सैर सपाटे के लिए जा सकेंगे पर्यटक, नए स्थल से पर्यटन सत्र का हुआ शुभारंभ
Pilibhit Tiger Reserve Tourism Session Started पीलीभीत टाइगर रिजर्व का नया पर्यटन सत्र से शुरू हो गया है। शुभारंभ पर मुस्तफाबाद से चूका तक वाहन रैली निकाली गई। आधा दर्जन स्कूलों के बच्चों को आमंत्रित करके उन्हें पहले दिन चूका की मुफ्त सैर कराई गई।
बरेली, जेएनएन। Pilibhit Tiger Reserve Tourism Session Started : पीलीभीत टाइगर रिजर्व का नया पर्यटन सत्र से शुरू हो गया है। शुभारंभ पर मुस्तफाबाद से चूका तक वाहन रैली निकाली गई। आधा दर्जन स्कूलों के बच्चों को आमंत्रित करके उन्हें पहले दिन चूका की मुफ्त सैर कराई गई। वैसे तो हर साल टाइगर रिजर्व के पर्यटन सत्र का शुभारंभ जिला मुख्यालय पर होता रहा है। यहां समारोह के उपरांत वाहनों से अतिथियों, स्कूली बच्चों को चूका ले जाया जाता रहा है। इस बार शुभारंभ के स्थल में बदलाव कर दिया गया है।
नए पर्यटन सत्र का शुभारंभ सोमवार को टाइगर रिजर्व के मुस्तफाबाद में स्थित सिग्नेचर गेट से किया गया। यहां से टाइगर रिजर्व में पर्यटकों के लिए संचालित होने वाले वाहनों की रैली निकाली गई। रैली का समापन चूका स्थल पर हुआ। शुभारंभ समारोह में पूरनपुर, माधोटांडा, कलीनगर व शहर के चुनिंदा स्कूलों के बच्चों को आमंत्रित किया गया। इन बच्चों को चूका की मुफ्त सैर कराई गई। नए पर्यटन सत्र के प्रचार प्रसार के लिए होर्डिंग लगाने का कार्य शुरू हो चुका है। बाइफरकेशन, माधोटांडा, मैनाकोट, डगा के साथ ही पीलीभीत-माधोटांडा मार्ग पर होर्डिंग लगने। जिससे चारों ओर से आने वाले लोगों को टाइगर रिजर्व के प्रति आकर्षित किया जा सके। टाइगर रिजर्व के प्रभागीय वनाधिकारी नवीन खंडेलवाल के अनुसार नए पर्यटन सत्र का भरपूर ढंग से प्रचार-प्रसार किया जाएगा। मंगलवार को वन मंत्री के आने की संभावना है। इसके लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
कोरोना के कारण समय से पहले बंद हो गया था टाइगर रिजर्व : पीलीभीत टाइगर रिजर्व कोरोना के कारण समय पूर्व बंद कर दिए जाने से पर्यटक निराश हो गए थे। इस साल आला अधिकारियों ने नवंबर से टाइगर रिजर्व सैलानियों के सैर सपाटे के लिए खोलने का निर्णय लिया लेकिन अक्टूबर में बेमौसम हुई बरसात के कारण तैयारियां पूरी नहीं हो पाईं। जंगल के मार्गों में जलभराव हो गया था। जिस पर टाइगर रिजर्व प्रशासन ने उच्च अधिकारियों के आदेशानुसार 15 नवंबर से टाइगर रिजर्व खोलने का निर्णय लिया।