यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 31, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
अपने घर की सजावट को इस बार दीवाली पर लगाएं बैक्टीरिया रहित सुगंधित पेंट, जानें क्या है कीमत
Diwali 2021 दीपावली पर देवी लक्ष्मी के स्वागत की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। घरों की रंगाई-पोताई का क्रम प्रारंभ ...और पढ़ें

बरेली, जेएनएन। Diwali 2021 : दीपावली पर देवी लक्ष्मी के स्वागत की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। घरों की रंगाई-पोताई का क्रम प्रारंभ हो गया है। अपने आशियाने की सजावट में कोई जरा सी कसर छोड़ने को तैयार रहीं। बाजार में सुगंधित पेंट और इमल्शन की मांग सबसे ज्यादा है। सुगंधित पेंट लोगों के आशियाने को चमकाने के साथ ही उसे सुगंध से भर देता है। साथ बैक्टीरिया रहित होने से इसमें सेहत की सौगात भी छिपी हुई है।
इस बार घर को सजाने में लोग वाल पुट्टी के बाद शाइन कलर और सुगंधित पेंट का प्रयोग कर रहे हैं। सुगंधित पेंट की मांग अधिक होने का सबसे बड़ा कारण है कि इसमें हानिकारक रसायन नहीं होते है। वहीं दीवारों पर लगने के बाद कमरा सुगंधित हो जाता है। सभी नामचीन कंपनियों ने इस तरह का पेंट बाजार में उतारा है। साथ ही दीवारों को घिसने में लगने वाली मेहनत को कम करने के लिए आधुनिक मशीनों का प्रयोग किया जा रहा है। ग्राहक वाल सेंडर मशीन की खरीदारी कर रहे हैं। वहीं इमल्शन पेंट की भी बाजार में अच्छी मांग है।
वाटरप्रूफ पुट्टी की बिक्री भी ज्यादाः बारिश से दीवारों को सुरक्षित रखने के लिए वाटरप्रूफ पुट्टी लगाने की प्रवृत्ति बढ़ी है। दीवारों की सुरक्षा बढ़ाने के लिए ग्राहक इसकी बराबर मांग कर रहे हैं। इसकी कीमत 1,500 से 1,600 रुपये से बोरी है। घर को आकर्षक बनाने लिए अब वाल पेपर्स का चलन बढ़ा है। विभिन्न डिजाइन और शेड के साथ आने वाले वाल पेपर्स को लगाने का खर्च भी अधिक नहीं है। इसलिए लोग कमरे की चार दीवारों में से एक के लिए वाल पेपर्स को ज्यादा पसंद कर रहे हैं। जहां एक कमरे को पेंट करने में करीब सात से आठ घंटे का वक्त लगता है, वहीं अब दो घंटे में ही आपका कमरा रंगीन होकर निखर उठेगा। सफाई के साथ ही तेजी से कमरे में पेंट किया जा सके, इसके लिए ग्रेकों मशीन लांच हुई है। पेंट व्यापारियों का कहना है कि मशीन की कीमत 10 से 15 हजार होने की वजह से अभी इसकी मांग ज्यादा नहीं है।
क्या कहते हैं व्यापारीः पेंट व्यापारी अंकुर अग्रवाल नेे बताया कि पेंट के कारोबार का सबसे बड़ा सीजन यही होता है। इस समय दीपावली के साथ ही शादियों का भी मौसम रहता है। लोग खरीदारी के लिए आ रहे हैं। आमिर खान का कहना है कि सुगंधित व शाइन पेंट, वालपुट्टी और इमल्शन के साथ डेकोरेटिव वाल पेपर्स की मांग अधिक है। पिछले साल की अपेक्षा इस बार कंपनियों ने अच्छे उत्पादों को बाजार में उतारा है।
