विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 15, 2018 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

यह रामलीला खुले मैदान में नहीं, लाइट और साउंड इफेक्ट से लुभा रही

By JagranEdited By:
Published: Mon, 15 Oct 2018 12:15 PM (IST)

शहर के विंडरमेयर थियेटर में संगीतमयी रामलीला की प्रस्तुति में तकनीक का इस्तेमाल किया जा रहा।

यह रामलीला खुले मैदान में नहीं, लाइट और साउंड इफेक्ट से लुभा रही
यह रामलीला खुले मैदान में नहीं, लाइट और साउंड इफेक्ट से लुभा रही

जेएनएन, बरेली: शहर के विंडरमेयर थियेटर में संगीतमयी रामलीला की प्रस्तुति में तकनीक का इस्तेमाल भी बखूबी हो रहा है, जिससे हनुमान जी का अशोक वाटिका में फल खाना, हनुमान-मेघनाद युद्ध, लंका दहन आदि के सीन लाइट और साउंड इफेक्ट से जीवंत किए जा रहे हैं, जिसे देखकर दर्शक भी भाव विभोर हुए। तकनीक की मदद और कलाकारों के मंचन की मदद से दर्शक पूरी रामलीला यहां पर महज ढाई घंटे देख पा रहे हैं।

विंडरमेयर में रविवार शाम संगीतमयी रामलीला का मंचन शाम सात बजे से शुरू हुआ। शुरुआती सीन में कलाकारों के अभिनय और तकनीक की जुगलबंदी और प्रभु श्रीनारायण हरि की वंदना के सीन में भी तकनीक का कमाल दिखा। फिर संगीतमयी प्रस्तुति से प्रभु के जन्म की लीला और उनके 16 बरस के होने की लीला हुई। इसके बाद प्रमुख लीलाओं के मंचन और बाकी रामायण की संगीतमयी प्रस्तुति चलती रही, जिससे ढाई घंटे में कलाकारों ने दर्शकों को पूरी रामायण का मंचन कर दिखाया। अंत में मुख्य अतिथि वित्त मंत्री राजेश अग्रवाल ने स्वरूपों की आरती की। इस मौके पर विशिष्ट अतिथि देवमूर्ति, आदित्य मूर्ति, डॉ. पवन अग्रवाल, डॉ. वीके चावला, डॉ. सुधीर गुप्ता, डॉ. अतुल श्रीवास्तव, प्रवीन अग्रवाल, संजीव अग्रवाल, अनुपम कपूर, चरन कमल जीत सिंह, राजा चावला आदि मौजूद रहे।

आज षष्ठी पूजन से होगा दुर्गा पूजा का शुभारंभ, सजे पंडाल जागरण संवाददाता, बरेली: शहर में सभी जगहों पर दुर्गा पंडाल सजकर तैयार हो गए हैं। रविवार शाम को दुर्गाबाड़ी में बोधन पूजा हुई। अन्य पंडालों में मां दुर्गा को बंगाली समाज के लोग लेकर पहुंचे। सोमवार सुबह षष्ठी पूजन से दुर्गा पूजा का शुभारंभ होगा, जो कि विजयदशमी को विसर्जन तक जारी रहेगी। पंडालों में इस दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे। दुर्गाबाड़ी में होने वाले कार्यक्रमों की थीम नारी सशक्तिकरण रहेगी।

इस बार यहां होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रम नारी सशक्तिकरण की थीम पर होंगे। इसके अलावा कोलकाता से भी कलाकारों का एक दल आ रहा है। यह जानकारी दुर्गाबाड़ी के सचिव आशीष कुमार डे ने दी। सहसचिव सोमित मुखर्जी ने बताया कि कोलकाता से आने वाले कलाकारों के कार्यक्रम सप्तमी और अष्टमी को होंगे। सप्तमी को वह वैरायटी शो करेंगे, जिसमें देश के सभी राज्यों के प्रचलित नृत्य पेश करेंगे। अष्टमी को दुर्गा स्त्रोत की धार्मिक प्रस्तुति देंगे। नवमी को इस वर्ष आरती प्रतियोगिता होगी। रविवार शाम दुर्गाबाड़ी में बोधन पूजा हुई। इस मौके पर अध्यक्ष डॉ. पीके मुखर्जी, शुभेंदु दत्ता, एसके भट्टाचार्य, देवाशीष दत्ता व कल्याण दास मौजूद रहे। रुहेलखंड विश्वविद्यालय में पहली बार सजा पंडाल

रुहेलखंड विश्वविद्यालय के आवासीय परिसर स्थित शिव मंदिर में इस बार पहली बार दुर्गा पंडाल सजा। यहां पर सुबह के समय पूजा होगी और शाम को आरती और कीर्तन का कार्यक्रम होगा। मूर्ति विसर्जन विजयदश्मी को होगा।

यहां भी सजे दुर्गा पंडाल

शहर में बीआइ बजार कैंट, मनोरंजन सदन जंक्शन, मनोरंजन सदन चौपुला, इज्जतनगर स्टेशन के सामने काली मंदिर, मनोरंजन सदन रोड नंबर चार व रोड नंबर सात पर कृष्णा नगर कालीबाड़ी में भी दुर्गा पंडाल सजाए गए हैं। यहां भी सोमवार से दुर्गा पूजा का शुभारंभ होगा।