बरेली में बंदरों के कूदने से गिरा खपरैल का मकान, वृद्धा की मौत, दो बच्चे घायल
शनिवार को फतेहगंज पश्चिमी कस्बे में बंदरों के उत्पात से बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। बंदरों के कूदने से खपरैल भरभरा कर गिर पड़ी। जिससे महिला व दो बच्चे दब गए।
जेएनएन, बरेली : अभी दो दिन पहले ही आंवला में एक सांड़ ने पटक-पटक कर किसान को मार डाला था। लोग इस घटना को भूले भी नहीं थे कि शनिवार को फतेहगंज पश्चिमी कस्बे में बंदरों के उत्पात से बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। बंदरों के कूदने से खपरैल भरभरा कर गिर पड़ी। जिससे महिला व दो बच्चे दब गए।
घटना शुक्रवार रात नौ बजे कस्बे के वार्ड भोलेनगर में घटी। शुक्रवार रात मशीतन (80) खपरैल के नीचे सोने की तैयारी कर रही थीं। पोता उनको दवा दे रहा था। इसी दौरान खपरैल के ऊपर बंदरों का झुंड आया और जोर-जोर से कूदने लगा। इससे एकाएक खपरैलनुमा छत टूट कर गिर पड़ी। मलबे में वृद्ध महिला व दोनों बच्चे दब गए। परिजनों ने आस-पड़ोस के लोगों की मदद से तीनों को निकाला। अस्पताल लेकर गए। उपचार के दौरान वृद्ध महिला की मौत हो गई। बच्चों का इलाज चल रहा है। लोगों का कहना है कि कस्बे में इन दिनों बंदरों का आतंक चरम पर है। महिलाएं व बच्चे घरों में कैद रहने को मजबूर हैं। बंदर इतने खूंखार हैं कि वह महिलाओं व बच्चों को अकेला देख उन पर टूट पड़ते हैं। अधिकारी इस तरफ कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं।