बरेली के मदरसे में गूंजा राष्ट्रगान और लहराया तिरंगा Bareilly News
शहर में एक ऐसा मदरसा जहां बच्चों ने तिरंगा फहराया और राष्ट्रगान भी गाया। साथ ही स्वतंत्रता दिवस पर एक-दूसरे का मुंह भी मीठा किया।
बरेली, जेएनएन : शहरभर में धूमधाम से स्वतंत्रता दिवस मनाया गया। सरकारी और गैर सरकारी संस्थानों में ध्वजारोहरण हुआ। वहीं, शहर में एक ऐसा मदरसा जहां, बच्चों ने तिरंगा फहराया और राष्ट्रगान भी गाया। साथ ही स्वतंत्रता दिवस पर एक-दूसरे का मुंह भी मीठा किया।
बिहारीपुर सौदागरान स्थित दरगाह-ए-आला हजरत के मदरसा मंजरे इस्लाम स्वतंत्रता दिवस पर भव्य आयोजन हुआ। मदरसे में पढ़ने वाले सभी बच्चों के हाथ में आम स्कूली बच्चों की तरह तिरंगे नजर आए।
सुबह आठ बजे राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। इसके बाद सभी ने राष्ट्रगान गाया। शिक्षक कमाल अहमद ने छात्रों को स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान से रूबरू कराया।
डॉ. एजाज अंजुम और मुफ्ती मो. सलीम ने भारत की आजादी में खान बहादुर खान, टीपू सुल्तान, बेगम हजरत महल, पीर अली खान आदि की कुर्बानियों की जानकारी दी।
मदरसे के प्रधानाचार्य मुफ्ती मो. आकिल ने बताया कि हिन्दुस्तान की हिफाजत के लिए हमारी नस्ले हमेशा कुर्बानियां देती रही हैं और आगे भी हिफाजत करती रहेंगी।
आखिर में मिठाई बांटकर छात्रों का मुंह मीठा कराया गया।