त्योहार आते ही सज गया मिलावट का बाजार
एफएसडीए की टीम ने बुधवार को परसाखेड़ा में सेवई बनाने की फैक्ट्री पर छापामारी की। यहां मानक अनुरूप सेवई नहीं मिलने पर करीब 37 किलो सेवई सीज की गई।
बरेली, जेएनएन। बकरीद और रक्षाबंधन का त्योहार आ गया है, साथ ही जिले में जगह-जगह मिलावट का बाजार भी सज गया है। त्योहारी सीजन में मिलावटी खाद्य पदार्थ का बाजार हमेशा पैर पसारता है। फिर चाहे इस बार कोविड-19 की वजह से बाजार चरमराया हुआ हो, लेकिन मिलावटखोर सक्रिय हो चुके हैं। एफएसडीए की टीम ने बुधवार को परसाखेड़ा में सेवई बनाने की फैक्ट्री पर छापामारी की। यहां मानक अनुरूप सेवई नहीं मिलने पर करीब 37 किलो सेवई सीज की गई। माल फैक्ट्री मालिक के सुपुर्द कर नमूने लखनऊ लैब में जांच के लिए रख लिया। एक अन्य फैक्ट्री से भी सेवई के नमूने लिए। वहीं, बीसलपुर क्रिस्टल कॉलोनी में मिठाई की दुकान से घेवर का नमूना उठाया। जबकि परसपुर जीवन सहाय में मिल्क लौंज का नमूना भरा। निरीक्षण के दौरान दिखा कि सेवई के तैयार पैकेट पर लेबल ठीक नहीं लगे थे। कार्रवाई में अभिहित अधिकारी धर्मराज मिश्र और मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी वीरेंद्र द्विवेदी शामिल थे।