बदायूं में गन्ने के खेत में महिला का शव देख बच्चों ने मचाया शोर Badaun News
खेत में गांव के कुछ बच्चे घास लेने को घुसे थे। ऊंची ईख होने से बच्चे खेत के बीच में पहुंच गए। वहां शव देख बच्चों ने शोर मचा दिया।
बदायूं, जेएनएन : जरीफनगर के कस्बा दहगवां के गन्ने के खेत में रविवार सुबह महिला की लाश मिलने से हड़कंप मच गया। युवती ने पीले रंग का सलवार और सफेद रंग का कुर्ता पहन रखा था। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव काे कब्जे में ले लिया। शव की शिनाख्त कराई जा रही है। शव दो से तीन दिन पहले का बताया जा रहा है।
बदायूं में के जरीफनगर थाना क्षेत्र के गांव दांदरा निवासी रमाकांत पुत्र राधेश्याम के खेत में गांव के कुछ बच्चे घास लेने को घुसे थे। ऊंची ईख होने से बच्चे खेत के बीच में पहुंच गए। वहां महिला का शव देख बच्चों ने शोर मचा दिया। पास के खेत में काम कर रहे ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। खेत मालिक रमाकांत ने पुलिस को सूचना दी। सीओ सहसवान और थाना जरीफनगर प्रभारी पंकज लबानियां पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। शव को शिनाख्त के लिए ग्रामीणों को बुलाया गया। लेकिन कोई भी युवती को पहचान नहीं सका। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।
सीओ सहसवान रामकरन सरोज ने बताया कि महिला की हत्या करने के बाद हत्यारों ने शव को ईख के खेत में छुपा दिया। ईख ऊंची होने के चलते ग्रामीणों को शव का पता नहीं चला। प्रथम दृष्टया शव दो से तीन दिन पुराना है। पोस्टमार्टम के बाद ही हत्या के कारण का पता चल सकेगा।
अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप