होली पर शाहजहांपुर में एक घर में पसरा मातम, छज्जा गिरने से भाई बहन की मौत
छज्जा गिरने से उसके नीचे खड़ी महिला व दो बच्चे मलबे में दब गए। जिससे ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। परिजनों सहित अन्य लोगों ने पत्थर हटाकर तीनो को बाहर निकाला।
शाहजहांपुर, जेएनएन : छज्जा गिरने से उसके नीचे खड़ी महिला व दो बच्चे मलबे में दब गए। जिससे ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। परिजनों सहित अन्य लोगों ने पत्थर हटाकर तीनो को बाहर निकाला। गंभीर हालत में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे जहां चिकित्सकों ने बच्चों को मृत घोषित कर दिया। भाई-बहन की मौत से होली की खुशियां मातम में बदल गई।
बंडा थाना क्षेत्र की रामनगर कालोनी निवासी विनोद कुमार की पत्नी सीमा अपने पांच वर्षीय बेटे निक्कू व छह माह की बेटी नंदनी के साथ मंगलवार सुबह करीब दस बजे मकान के गेट पर खड़ी थी। तभी अचानक छज्जा भरभराकर गिर पड़ा। जिससे तीनों लोग घायल हो गए। आसपास के लोगों ने छज्जे के नीचे दबे भाई-बहन को बमुश्किल मलबा हटाकर बाहर निकाला। सीमा को ज्यादा चोट नहीं आईं, लेकिन दोनो बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उनको सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। होली पर एक साथ दो बच्चों की मौत से गांव में भी मातम पसर गया।
तीन माह पहले बनवाया था घर
विनोद समाचार पत्र विक्रेता है। विनोद ने तीन माह पहले रामनगर कालोनी में मकान बनवाया था। लेकिन आर्थिक स्थिति कमजोर होने की वजह से गेट पर डलवाए गए छज्जे की सपोर्ट में दीवार नहीं उठवा पाया था। जिस वजह से छज्जे को मजबूती नहीं मिल पाई थी।
भाई-बहन की मौत से अंशू का रो-रोकर बुरा हाल
विनोद के तीन बच्चों में बड़ा बेटा अंशू दोस्तों के साथ रंग-गुलाल खेल रहा था। मां सीमा देवी बेटा निक्कू व बेटी नंदनी के साथ गेट पर खड़े थी जबकि विनोद मुहल्ले में ही अपने साथियों के साथ होली खेलने गया था। घटना के बाद से सीमा और विनोद बदहवास हैं।
मामले की जानकारी मिली है। राजस्व विभाग की टीम को मौके पर भेजा है। प्रशासन की ओर से जो भी संभव मदद होगी कराई जाएगी। दशरथ नंदन, एसडीएम पुवायां