विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

भाजपा के नक्शे कदम पर चलेगी सपा, एक-एक वोटरों तक पहुंचने के लिए नेताओं को मिली जिम्मेदारी

Published: Mon, 21 Sep 2026 03:59 PM (IST)

सत्ता में वापसी के लिए समाजवादी पार्टी ने भाजपा के 'पन्ना प्रमुख' मॉडल को अपनाया है, जिसके तहत हर विधानसभा ...और पढ़ें

पन्ना प्रमुख की तरह हर वोटर के घर पहुंचेंगे सपाई।

पन्ना प्रमुख की तरह हर वोटर के घर पहुंचेंगे सपाई।

HighLights

  1. सपा ने भाजपा के 'पन्ना प्रमुख' मॉडल को अपनाया।

  2. हर विधानसभा में 50-50 कार्यकर्ता मतदाताओं तक पहुंचेंगे।

  3. शिक्षक एमएलसी चुनाव को विधानसभा का सेमीफाइनल माना।

कमलेश शर्मा, बरेली। सत्ता में वापसी के लिए छटपटा रही समाजवादी पार्टी भाजपा के पन्ना प्रमुख की तर्ज पर काम करना शुरू किया है। मतदाताओं की जातीय गणना कराने के बाद अब हर विधानसभा क्षेत्र में 50-50 पदाधिकारियों और वरिष्ठ कार्यकर्ताओं एक-एक वोटर तक पहुंचने की जिम्मेदारी दी गई है।

शिक्षक एमएलसी चुनाव की तैयारी पहले से चल रही है, उसमें भी पार्टी के दिग्गजों को लगाया गया है। इस चुनाव को आगामी विधानसभा चुनाव का सेमीफाइनल मानकर तैयारी की जा रही है।

पिछले विधानसभा चुनाव में अधिकांश सीटों पर सपा ने सत्ताधारी पार्टी भाजपा को सीधी टक्कर दी थी। अंदरखाने हुए मंथन में यह बात सामने आई कि भाजपा पन्ना प्रमुख नियुक्त कर उनके माध्यम से एक-एक वोटर तक दस्तक देती है।

समाजवादी पार्टी ने उसी तरह का खाका खींचकर सबसे पहले बूथ स्तर तक जातीय गणना का कार्य शुरू कराया है। कुछ विधानसभा क्षेत्रों में यह काम 80 प्रतिशत से ज्यादा कराया भी जा चुका है। अब इससे आगे बढ़कर हर विधानसभा क्षेत्र 50-50 जिम्मेदार पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को लगाकर मतदाता सूची का सत्यापन कराने का निर्णय लिया गया है।

विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष को प्रभारी बनाया गया है। तय किया गया है कि नियुक्त किए गए कार्यकर्ता घर-घर जाकर मतदाता सूची का सत्यापन करेंगे, कोई कमियां मिलेगी तो उसका निदान करवाएंगे, ताकि पार्टी से मतदाता का सीधा जुड़ाव हो सके।

इधर, बरेली-मुरादाबाद शिक्षक एमएलसी चुनाव को विधानसभा चुनाव का सेमीफाइनल मानकर तैयारी चल रही है। सपा से मोहम्मद दानिश अख्तर का नाम उम्मीदवार के रूप में सामने आ चुका है। पिछले चुनाव में दोनों मंडलों के 36,703 मतदाताओं में से 26,803 शिक्षकों ने मतदान किया था।

भाजपा के डॉ. हरी सिंह ढिल्लो 12,827 वोट पाकर निर्वाचित हुए थे, जबकि पूर्व शिक्षक विधायक संजय मिश्रा को 4,864 मत ही हासिल हुए थे। सपा ने इस बार पार्टी के वरिष्ठ नेता संजीव कुमार सक्सेना, प्रमोद सिंह बिष्ट, कदीर अहमद को बरेली जिले का चुनाव प्रभारी बनाकर चुनाव प्रबंधन की जिम्मेदारी दी है। एमएलसी चुनाव के बहाने यह टीम विधानसभा चुनाव की भी जमीन तैयार कर रही है।

जिलाध्यक्ष शुभलेश यादव का कहना है कि आगामी चुनावों के लिए बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत कर हर मतदाता तक पहुंचने के प्रयास किए जा रहे हैं। मतदाताओं के दम पर ही सकारात्मक परिणाम आएंगे।

यह भी पढ़ें- 'निष्पक्ष चुनाव हुआ तो भाजपा की 50 सीटें भी नहीं आएंगी', रामगोपाल यादव ने बीजेपी सरकार पर साधा निशाना