पीलीभीत में मक्का से लौटी महिला का बेटा भी निकला कोरोना पॉजिटिव, प्रशासन सतर्क Pilibhit News
जनपद में कोरोना संक्रमित दूसरे मरीज की पुष्टि हो गई है। संक्रमित महिला मरीज का यह बेटा है। यह अमरिया क्षेत्र के हर्रायपुर गांव का निवासी है।
पीलीभीत, जेएनएन : मक्का से लौटी महिला का पुत्र भी काेराेना वायरस से संक्रमित निकला। जिसके बाद पीलीभीत में काेराना पॉजिटिव मरीजों की संख्या दो हो गई हैं। प्रशासन ने यह पुष्टि जांच रिपोर्ट आने के बाद की हैं। यह दोनों ही केस अमरिया क्षेत्र के हर्रायपुर गांव के है। कुछ दिनों पहले अमरिया तहसील के गांवों से 37 लोगों का जत्था मक्का मदीना से लौटा था। जिसके दौरान एक महिला की तबियत बिगड़ गई थी। जिसकी जांच के बाद उसे कोरोना पॉजिटिव घोषित किया गया था।
पुष्टि होने के बाद महिला को जिला अस्पताल स्थित आइसोलेशन वार्ड में शिफ्ट किया गया था। जिसके बाद अस्पताल प्रशासन ने महिला के पिता, बेटा, बहू व किराएदार का सैम्पल एएनएम से भरवाया था। जिसे जांच के लिए केजीएमसी लखनऊ भेजा गया। देर रात्रि चारों सैंपल की जांच रिपोर्ट जारी की गई थी। जिसमें एक केस पॉजिटिव व अन्य तीन नेगेटिव पाए गए।
जो कोरोना संक्रमित महिला का बेटा है। वह भी बीते दो दिनों से जिला अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती है। उसका इलाज चल रहा है। जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने जिले में कोरोना वायरस के संक्रमण का दूसरा पॉजीटिव केस मिलने की पुष्टि करते हुए बताया कि संक्रमित महिला का बेटा भी कोरोना से संक्रमित पाया गया है, जबकि अन्य तीन निगेटिव मिले हैं।
जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. रतनपाल सिंह सुमन ने बताया कि संक्रमित महिला और उसके बेटे की हालत गंभीर नहीं है। हम बेहतर इलाज से दोनों मरीजों की रिपोर्ट नेगेटिव कराने में सफल हो सकेंगे। सीएमओ डॉ. सीमा अग्रवाल ने बताया कि संक्रमित महिला के निकटस्थ चार लोगों के सैंपल जांच के लिए भेजे गए थे। जिनकी जांच रिपोर्ट आ गई है।
पॉजीटिव पाया केस पहले से ही आइसोलेशन वार्ड में डॉक्टरों की निगरानी में है। अन्य सभी लोग क्वारंटाइन भवन में रखे गए हैं। फिलहाल गंभीर स्थिति जैसी कोई बात नहीं है। डॉक्टर लगातार नजर रखे हुए हैं।