यूपी चुनाव से पहले सपा का बड़ा दांव: बूथ-बूथ 41 जातियों का हिसाब, आंवला से सामने आए चौंकाने वाले आंकड़े
समाजवादी पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव के लिए बूथवार 41 जातियों का डेटा जुटा रही है। इस विस्तृत जातीय गणना का ...और पढ़ें

एआई इमेज
HighLights
विधानसभा चुनाव में जातीय आंकड़ों को हथियार बनाएगी सपा
जातीय नेताओं को तवज्जो देकर पकड़ मजबूत बनाने की जुगत
कमलेश शर्मा, बरेली। आंवला की बूथ संख्या छह सिरौली, इस बूथ पर कुल मतदाताओं की संख्या 934 है। मुस्लिम 359, जाटव 70, यादव 42, मौर्य 100, प्रजापति 133, वाल्मीकि 222, नट तीन और छीपी जाति के पांच मतदाता हैं। यह आंकड़ा समाजवादी पार्टी के बूथवार कराई गई जातीय गणना में सामने आया है।
पार्टी ने इसी तरह का आंकड़ा हर विधानसभा क्षेत्र के एक-एक बूथ का एकत्रित कराया है। 41 जातियों का विवरण उपलब्ध है, जिसका सर्वे कराकर हर विधानसभा क्षेत्र में 50-50 पदाधिकारियों को लगाकर सत्यापन कराया गया है। कुछ विधानसभा क्षेत्रों की सूची में कमियां मिली हैं, जिन्हें दोबारा सत्यापन कर दुरुस्त कराया जा रहा है।
समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं के स्तर से मतदाता सूची लेकर आंवला विधानसभा क्षेत्र में तैयार किए गए जातीय आंकड़ों की बात करें तो यहां कुल मतदाताओं की संख्या 2,96,750 है।
इनमें मुस्लिम मतदाताओं की संख्या सबसे अधिक 73,640 है। दूसरे नंबर पर लोधी वोटर हैं, जिनकी संख्या 43,707 है। जाटव 30,819, यादव 26,014, मौर्य 23,706, ठाकुर 20,926, ब्राह्मण 13,477, कश्यप 13,600, प्रजापति 4,932, पाल (पाली) 7,865, नाई (सविता) 3,537, बढ़ई मतदाताओं की संख्या 3,757 है।
इसी तरह धोबी 6,439, वाल्मीकि 4,934, कोरी 2,725, वैश्य 5,660, भुर्जी 1,652, डलेरे 1,548, गुर्जर 1,277, कायस्थ 1,135, कुर्मी 494, तेली साहू 505, नट 910, पासी समाज के 337 मतदाता हैं।
वहीं गोस्वामी 654, माली 474, खटिक 221, सिख 150, जाट 222, रस्तोगी 663, धुना 21, पटवा 153, बहोलिया 13, दर्जी 27, लोहार 66, ईसाई 151, बैरागी 71, गिहार 72, मीणा 27, बंगाली सात और छीपी जाति के 162 मतदाता हैं।
पार्टी ने सभी विधानसभा क्षेत्रों में इसी तरह का बूथवार जातीय आंकड़ा एकत्रित कराया है, वोटरलिस्ट से एक-एक मतदाता का सत्यापन किया जा रहा है।
अब विधानसभा स्तर से लेकर बूथ स्तर तक प्रमुख जातीय नेताओं को अपने पाले में करने की तैयारी की जा रही है। सपा इसी आंकड़े को विधानसभा चुनाव में अपना हथियार बनाएगी।
विधानसभा क्षेत्रों में कहां किस बूथ पर किस जाति के मतदाता हैं, अभी तक हमारे पास इस तरह का कोई डाटा उपलब्ध नहीं था। मतदाता सूची को आधार बनाकर पार्टी की पूरी टीम को लेकर हर विधानसभा क्षेत्र का बूथवार जातिवार मतदाताओं का रिकार्ड तैयार कराया गया है। कुछ विधानसभा क्षेत्रों की सूची में त्रुटियां मिलने पर उनका दोबारा सत्यापन कराया जा रहा है। उम्मीद है कि यह प्रयोग चुनाव में मददगार होगा और सकारात्मक परिणाम आएंगे।
- शुभलेश यादव, जिलाध्यक्ष सपा
यह भी पढ़ें- बरेली में बनेगा नया जंक्शन! रामगंगा के पास जगह की तलाश, बाइपास होंगे पुरानी लाइन और 3 स्टेशन
