विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बरेली में बनेगा नया जंक्शन! रामगंगा के पास जगह की तलाश, बाइपास होंगे पुरानी लाइन और 3 स्टेशन

Published: Tue, 29 Sep 2026 03:19 PM (IST)

सीतापुर से गाजियाबाद तक तीसरी-चौथी रेलवे लाइन बिछाने का सर्वे शुरू हो गया है, जिसके तहत बरेली में रामगंगा के ...और पढ़ें

एआई इमेज

एआई इमेज

HighLights

  1. -तीसरी-चौथी लाइन के लिए सर्वे हुआ शुरू, बाइपास हो जाएंगे बरेली जंक्शन, सीबीगंज और कैंट स्टेशन

अनिल कुमार, बरेली। सीतापुर से गाजियाबाद तक तीसरी और चौथी लाइन बिछाने का सर्वे शुरू हो गया है। बरेली में शहर में लाइन को बाइपास कर बिछाया जाएगा, इसके लिए रूट लगभग तय कर लिया गया है। इससे बरेली जंक्शन सहित तीन स्टेशन बाइपास हो जाएंगे और रामगंगा के पास नया बरेली जंक्शन बनाया जाएगा।

इसके लिए स्थान का चयन किया जा रहा है और रिपोर्ट मंडल मुख्यालय मुरादाबाद भेजी जाएगी। नई लाइनें बिछने और नया जंक्शन बनने से बरेली के पुराने रूट पर लोड काफी कम होगा और नई ट्रेनों के संचालन से यात्रियों को भी फायदा मिलेगा।

18 अप्रैल को कैबिनेट ने गाजियाबाद से सीतापुर तक 403 किलोमीटर के रेलवे रूट पर तीसरी और चौथी रेलवे लाइन बिछाने को मंजूरी दी थी। इसमें बरेली जंक्शन समेत छह व्यस्त स्टेशनों को भी बाइपास कर नए स्टेशन बनाए जाएंगे।

इस प्रोजेक्ट के निर्माण पर 14926 करोड़ रुपये खर्च होंगे। रेलवे की पिंक बुक में भी इन नई लाइनों के बिछाने का जिक्र किया गया था। गाजियाबाद-सीतापुर अभी डबल लाइन है और यह दिल्ली से गुवाहटी तक प्रमुख रूट है।

इस रूट पर रोजाना 150 से अधिक ट्रेनें गुजरती हैं, जिसकी वजह से ट्रेनों का काफी दबाव रहता है। तीसरी और चौथी लाइनें गाजियाबाद से होते हुए हापुड़, अमरोहा, मुरादाबाद, बरेली, शाहजहांपुर, लखीमपुर खीरी और सीतापुर तक बिछेंगी। यह परियोजना चार साल में पूरी होगी।

इसमें छह नए रेलवे स्टेशनों हापुड़, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, शाहजहांपुर और सीतापुर का निर्माण भी होगा। इसी के तहत अब सर्वे शुरू हो चुका है। बरेली में लाइन को परसाखेड़ा से रामगंगा होते हुए रसुइया तक बिछाया जाएगा।

इस दौरान सीबीगंज, बरेली जंक्शन और कैंट स्टेशन बीच में छूट जाएंगे और इनकी जगह नया बरेली जंक्शन बनाया जाएगा। इस तरफ रिंग रोड भी बनाई जा रही है।

इससे लोगों की पहुंच भी आसान हो जाएगी। मुख्य वाणिज्य निरीक्षक मो. इमरान ने बताया कि नई लाइन बिछाने के लिए सर्वे किया जा रहा है। संबंधित विभाग की ओर से रिपोर्ट मंडल मुख्यालय भेजी जाएगी।

भिठौरा स्टेशन पर बनेगा फुटओवर ब्रिज

वहीं भिटौरा स्टेशन पर भी विकास कार्य कराए जाएंगे। इसके तहत यहां पर प्लेटफार्म को ऊंचा किया जाएगा ताकि यात्रियों को ट्रेन में चढ़ने में कोई दिक्कत न हो। इसके अलावा फुटओवरब्रिज का भी निर्माण स्टेशन पर किया जाएगा।

इन दोनों कार्यों का नक्शा इंजीनियरिंग विभाग ने तैयार कर लिया है। इससे हादसों का खतरा भी काफी हद तक टल जाएगा। नक्शे के साथ रिपोर्ट जल्द मंडल कार्यालय भेजी जाएगी और वहां से अनुमति मिलने के बाद कार्य शुरू किया जाएगा।

यह भी पढ़ें- गुजरात से बिहार के बीच चलेगी नई अमृत भारत एक्सप्रेस, बरेली-पीलीभीत के रास्ते इन 20 शहरों को जोड़ेगी