धर्मेंद्र कश्यप की एंट्री से सपा का गणित बिगड़ा! अखिलेश यादव से मिले दावेदार, दशहरा बाद लखनऊ में बुलाई पंचायत
समाजवादी पार्टी में आंवला और बिथरी चैनपुर सीटों पर टिकट को लेकर खींचतान तेज हो गई है। दावेदारों ने अखिलेश ...और पढ़ें

पूर्व सांसद धर्मेंद्र कश्यप का स्वागत करते समाजवादी पार्टी के पदाधिकारी। सौ. सपा
HighLights
चार दिन पहले पूर्व सांसद वीरपाल यादव यहां बनाए गए प्रभारी
जागरण संवाददाता, बरेली। समाजवादी पार्टी में आगामी विधानसभा चुनाव के टिकट को लेकर खींचतान बढ़ती जा रही है। चार दिन पहले राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पूर्व सांसद वीरपाल सिंह यादव को आंवला विधानसभा क्षेत्र का प्रभारी बनाकर उनके पुत्र को टिकट देने के संकेत दिए हैं। इसकी जानकारी होने पर आंवला से दावेदारी कर रहे महीपाल सिंह यादव, अगम मौर्या, अमित राज सिंह लखनऊ पहुंच गए।
राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से मुलाकात कर अपनी दावेदारी को मजबूत बताया, जिस पर उन्होंने दशहरा बाद सभी को एक साथ लखनऊ बुलाने की बात कही है।
पूर्व सांसद धर्मेंद्र कश्यप के भाजपा छोड़कर सपा में आने के बाद समाजवादी पार्टी के भीतर का गणित बिगड़ा है। बिथरी चैनपुर और आंवला विधानसभा सीटों के टिकट के दावेदारों के मंसूबों पर पानी फिरता दिखने लगा है।
वजह, बिथरी चैनपुर की सीट धर्मेंद्र कश्यप ने अपनी बेटी कीर्ति कश्यप के लिए मांग ली है। पूर्व सांसद वीरपाल सिंह अपने पुत्र डा. देवेंद्र सिंह यादव को बिथरी से चुनाव लड़ाने की तैयारी कर रहे थे।
चार दिन पहले राष्ट्रीय अध्यक्ष ने उन्हें आंवला का प्रभारी बनाकर ग्रीन सिग्नल दे दिया। दूसरे दावेदारों ने लखनऊ पहुंचकर राष्ट्रीय अध्यक्ष को अपना चुनावी गणित बताया तो उन्होंने दोबारा सभी को बुलाने की बात कहकर ग्रीन सिग्नल पर संशय बढ़ा दिया है। बताते हैं कि जिले में भी आपस में समन्वय बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
सदस्यता लेने से पहले धर्मेंद्र कश्यप के होने लगे स्वागत
राज्यसभा का टिकट नहीं मिल पाने से पूर्व सांसद धर्मेंद्र कश्यप भाजपा छोड़ चुके हैं। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से मुलाकात कर स्थिति भी साफ कर चुके हैं।
27 अक्टूबर को वह समर्थकों के साथ लखनऊ में विधिवत सपा की सदस्यता ग्रहण करेंगे। वह दावा कर रहे हैं कि उनके समर्थक कई जिला पंचायत सदस्य और प्रधान भी भाजपा छोड़कर उनके साथ जा सकते हैं।
वह 200 वाहनों के काफिले के साथ लखनऊ जाने की तैयारी कर रहे हैं। सदस्यता ग्रहण करने से पहले ही पार्टी में उनका स्वागत होने लगा है। बुधवार को सपा की प्रदेश कमेटी में विशेष आमंत्रित सदस्य संजीव कुमार सक्सेना के निवास पर उनका स्वागत किया गया।
जिला अध्यक्ष शुभलेश यादव, संजीव कुमार सक्सेना, उपाध्यक्ष ठाकुर प्रमोद सिंह बिष्ट, उपाध्यक्ष हैदर अली, इंदरपाल सिंह, शारिक खान, अमित कुमार सागर, चिंटू आदि ने पूर्व सांसद का स्वागत किया।
यह भी पढ़ें- बरेली में PWD का बड़ा घपला: बिना नौकरी 16 लोगों के खाते में भेजे 1.28 करोड़, फिर ऐसे वापस आए 70 लाख
