विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अमेरिका में चमका रुहेलखंड विवि. का नाम, प्रो. विनय ऋषिवाल ने तैयार किया दृष्टिबाधितों के लिए स्मार्ट AI चश्मा

Published: Fri, 13 Nov 2026 12:37 PM (IST)

रुहेलखंड विश्वविद्यालय के प्रोफेसर विनय ऋषिवाल की टीम ने स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी में आयोजित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में दृष्टिबाधितों के लिए स्मार्ट AI चश्मा 'विजनप्रो' विकसित कर पीपुल्स च्वाइस अवॉर्ड जीता।

News Article Hero Image

HighLights

  1. प्रोफेसर विनय ऋषिवाल की टीम ने स्मार्ट AI चश्मा बनाया।

  2. स्टैनफोर्ड प्रतियोगिता में पीपुल्स च्वाइस अवार्ड से सम्मानित।

  3. दृष्टिबाधितों को आत्मनिर्भर बनाने में सहायक विजनप्रो तकनीक।

जागरण संवाददाता, बरेली। अमेरिका की प्रतिष्ठित स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी में आयोजित अंतरराष्ट्रीय तकनीकी प्रतियोगिता में रुहेलखंड विश्वविद्यालय के प्रोफेसर विनय ऋषिवाल सम्मानित हुए।

उनकी टीम ने दृष्टिबाधित लोगों की सहायता के लिए विकसित स्मार्ट चश्मे का प्रदर्शन किया। इसकी उपयोगिता और प्रस्तुति को दर्शकों का विशेष समर्थन मिला। ई-वियर-एक्स प्राइज 2026 में दुनिया भर से चुनी गईं 13 टीमों के बीच भारतीय टीम को पीपुल्स च्वाइस अवार्ड से सम्मानित किया गया।

इस अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम में सिंगापुर, चीन, जापान की क्योटो यूनिवर्सिटी, नीदरलैंड, जर्मनी और अमेरिका की टीमों ने हिस्सा लिया।

भारतीय टीम में रुवि के कंप्यूटर साइंस विभागाध्यक्ष प्रो. विनय ऋषिवाल, न्यूयार्क स्थित कैडर टेक लैब्स के संस्थापक मुनीर खान और देहरादून स्थित यूनिवर्सिटी आफ पेट्रोलियम एंड एनर्जी स्टडीज (यूपीईएस) के कंप्यूटर साइंस विभाग में सहायक प्रोफेसर डा. मोहम्मद साकिब शामिल रहे। टीम को बायोटेक ओपन पिच श्रेणी में यह सम्मान मिला।

दृष्टिबाधितों के लिए मददगार बनेगा स्मार्ट चश्मा

भारतीय टीम ने विजनप्रो नाम से एक विशेष स्मार्ट चश्मा विकसित किया है। यह चश्मा दृष्टिबाधित लोगों को अपने आसपास की दुनिया को समझने में मदद करता है। इसमें लगे कैमरे की सहायता से सामने मौजूद वस्तुओं की पहचान की जा सकती है।

यह किताबों, दस्तावेजों और अन्य लिखित सामग्री को पढ़कर आवाज के माध्यम से सुना सकता है। इसकी खासियत यह है कि उपयोगकर्ता को आसपास की वस्तुओं और परिस्थितियों की जानकारी मिल सकती है।

चश्मे में कंपन के माध्यम से संकेत देने की सुविधा भी दी गई है। इससे उपयोगकर्ता बिना स्क्रीन देखे जरूरी संकेत महसूस कर सकता है। इस तकनीक का उद्देश्य दृष्टिबाधित लोगों को दैनिक जीवन के कार्यों में अधिक स्वतंत्र और आत्मनिर्भर बनाना है।

तकनीक के जरिए सामाजिक समस्या का समाधान

विजनप्रो परियोजना का मुख्य उद्देश्य आधुनिक तकनीक को उन लोगों तक पहुंचाना है, जिन्हें रोजमर्रा के जीवन में विशेष चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। स्मार्ट चश्मे के माध्यम से टीम ने यह दिखाने का प्रयास किया है कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता और आधुनिक सेंसर तकनीक का उपयोग दिव्यांगजनों के जीवन को अधिक सुगम बनाने में किया जा सकता है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।