सावधान! अगर आपका नाबालिग बच्चा चला रहा है बाइक, तो कटेगा ₹25,000 का चालान और जेल अलग!
नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने पर अभिभावकों को 25,000 रुपये का जुर्माना और तीन माह की जेल हो सकती है। संभागीय ...और पढ़ें

पाठकों के सवालों का जवाब देते आरटीओ प्रशासन पंकज सिंह। जागरण
HighLights
ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन की आरसी का नवीनीकरण घर बैठे कर सकते हैं आनलाइन
संभागीय परिवहन अधिकारी प्रशासन पंकज सिंह ने लोगों के सवालों के दिए जवाब
जागरण संवाददाता, बरेली। परिवहन विभाग के नियम के अनुसार 50 सीसी से कम की स्कूटी 16 साल से अधिक उम्र के बच्चे चला सकते हैं। 18 साल से कम उम्र के बच्चों के वाहन चलाते मिलने पर अभिभावक पर 25 हजार रुपये जुर्माना और तीन माह के कारावास का प्रावधान है।
ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन की आरसी का नवीनीकरण कराने के लिए कार्यालय आने की जरूरत नहीं है, आनलाइन आवेदन कर प्रक्रिया पूर्ण करा सकते हैं। आनलाइन शुल्क जमा करने की व्यवस्था भी कराई गई है।
बुधवार को जागरण प्रश्न पहर में संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) पंकज सिंह ने पाठकों के सवालों का जवाब देते हुए यह जानकारी दी। डग्गामार बसों के संचालन और नाबालिगों के बाइक चलाने के विरुद्ध अभियान चलवाने की बात कही। आरटीओ प्रशासन के साथ लोगों की हुई बातचीत के मुख्य अंश...
प्रश्न :- 2007 माॅडल की कार है, इसकी अवधि बढ़वाने के लिए क्या करना होगा? - डाॅ. रूम सिंह महानगर, इमरान अंसारी, बरेली कालेज
उत्तर :- अगर कार की हालत सही है तो 500 रुपये प्रतिमाह की पेनाल्टी और ग्रीन टैक्स जमा कराकर पांच साल के लिए रिन्युवल करवा सकते हैं।
प्रश्न :- वाहन के लिए वीआइपी नंबर लेना चाहते हैं, क्या प्रक्रिया है? - असद अंसारी, फतेहगंज पश्चिमी
उत्तर :- विभाग में 343 वीआइपी नंबर अधिसूचित हैं, इसके लिए आवेदन कर सकते हैं। अपनी पसंद का एक ही अंक के नंबर बुक कराने के लिए एक लाख, 50 हजार, 25 हजार और 15 हजार रुपये शुल्क जमा कर आवेदन कर सकते हैं।
प्रश्न :- अपने पुत्र का लर्निंग ड्राइविंग लाइसेंस बनवाया था, लेकिन उसकी अवधि खत्म हो चुकी है? - अरविंद कुमार गुप्ता, फतेहगंज पश्चिमी
उत्तर :- कोई बात नहीं, आनलाइन 300 रुपये शुल्क जमा कर रिवैलिडिएशन करा सकते हैं, इसके बाद परमानेंट लाइसेंस बनवा सकते हैं।
प्रश्न :- हमने 2007 में ड्राइविंग लाइसेंस बनवाया था, उसका रिन्युअल कैसे होगा, उसमें जन्मतिथि गलत हो गई है, उसे भी सही कराना है? -राजवीर सिंह, छोटी बरेली
उत्तर :- आनलाइन शुल्क जमा कर स्वयं ड्राइविंग लाइसेंस का रिन्युअल करवा सकते हैं। आधार लिंक कर जन्मतिथि भी संशोधित कर सकते हैं। इसके लिए आधार कार्ड, पैनकार्ड और हाईस्कूल का प्रमाण पत्र अपलोड करना पड़ेगा।
प्रश्न :- गाड़ी कंडम घोषित कराने के लिए जिले में कहां जाना पड़ेगा? - अजय सक्सेना, सुभाषनगर
उत्तर :- बहेड़ी में भारत वेस्ट मैनेजमेंट इसके लिए अधिकृत है। वहां जाकर गाड़ी को कंडम घोषित करवा सकते हैं।
प्रश्न :- मिशन सेफ फ्यूचर की आवश्यकता क्यों पड़ी, इसमें क्या किया जा रहा है? - विमलेश कुमार, राजेंद्र नगर
उत्तर :- बच्चों को सुरक्षित स्कूल पहुंचाने के लिए हर विद्यालय में परिवहन सुरक्षा समिति गठित कराने, चालकों का चरित्र सत्यापन और छात्राओं के वाहनों में महिला अटेंडेंट की तैनाती कराई जा रही है।
प्रश्न :- अलीगंज-सिरौली मार्ग पर डग्गामार बसों का संचालन हो रहा है, क्षमता से अधिक सवारियां भरी जा रही हैं? - अवधेश सिंह, राजपुर कलां
उत्तर :- कुछ दिनों पहले इस रूट पर अभियान चलाया गया था। अधिकांश बसों में आल इंडिया परमिट मिला, दोबारा अभियान चलाया जाएगा।
प्रश्न :- नाबालिग स्कूटी और बाइक लेकर विद्यालय जा रहे हैं, इस पर अंकुश लगाया जाना चाहिए। कालेजों में प्रशिक्षण देने की आवश्यकता है? - उमंग गुप्ता, भेजीपुरा, इंद्रदेव त्रिवेदी, बिहारीपुर खत्रियान
उत्तर :- नाबालिगों के बाइक चलाते पकड़े जाने पर अभिभावक पर 25 हजार जुर्माना और तीन माह के कारावास का प्रावधान है, जल्द अभियान चलाया जाएगा। कालेजों में जागरुकता के आयोजन होते रहते हैं और प्रभावी ढंग से चलाए जाएंगे।
