बरेली उपद्रव मामला: 19 सितंबर को रची गई थी हिंसा की साजिश, गिरफ्तार रफीक और मुख्तियार ने उगले राज
बरेली उपद्रव मामले में क्राइम ब्रांच ने रफीक बेग और मुख्तियार अहमद को गिरफ्तार किया है। आरोपितों ने बताया कि ...और पढ़ें

पुलिस की गिरफ्त में बरेली दंगे के आरोपित
HighLights
उपद्रव से पहले रची गई साजिश में शामिल थे दोनों आरोपित रफीक बेग और मुख्तियार
जागरण संवाददाता, बरेली। उपद्रव के मामले में फरार चल रहे इज्जतनगर के फरीदापुर चौधरी निवासी रफीक बेग और मुख्तियार अहमद को क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपितों ने स्वीकारा है कि 26 सितंबर को हुए उपद्रव से पहले 19 सितंबर को आईएमसी की तरफ से एक बैठक की गई थी। जिसमें उपद्रव की पूरी रूपरेखा तैयार हुई। उस मीटिंग में यह दोनों भी शामिल हुए थे। पुलिस ने दोनों को जेल भेज दिया है। अन्य फरार आरोपितों की तलाश जारी है।
26 सितंबर को मौलाना तौकीर रजा ने कानपुर के आई लव मुहम्मद पोस्टर की आड़ में उपद्रव कराया था। पुलिस के साथ मारपीट की गई। पेट्रोल और एसिड बम से जानलेवा हमला किया गया था। दुकानों में आग लगाने की कोशिश की हुई थी।
पूरे शहर को हिंसा की आग में झोंकने की तैयारी थी। इस उपद्रव में पुलिस के कई जवान भी घायल हुए थे। मजबूरी में पुलिस को लाठीचार्ज कर लोगों को खदेड़ना पड़ा। इस मामले में पुलिस ने शहर के पांच थानों में 10 मुकदमे लिखे।
इसमें मौलाना तौकीर रजा समेत 101 लोगों को जेल भेजा गया। घटना के अगले ही दिन 27 सितंबर को पुलिस ने मौलाना को फतेहगढ़ जेल में शिफ्ट कर दिया। इस घटना के दो प्रमुख मुकदमों को क्राइम ब्रांच को ट्रांसफर किया गया।
जिसकी विवेचना इंस्पेक्टर कैंट संजय धीर कर रहे हैं। विवेचना के दौरान इज्जतनगर के फरीदापुर चौधरी निवासी रफीक बेग और मुख्तियार अहमद का नाम भी प्रकाश में आया। पुलिस इनके पीछे लंबे समय से लगी थी।
बुधवार को दोनों को इज्जतनगर की न्यू रेलवे माडल कालोनी के पास से गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि 19 सितंबर को इत्तेहादे-मिल्लत-कौंसिल आइएमसी के राष्ट्रीय अध्यक्ष तौकीर रजा ने फरीदापुर चौधरी में मुस्लिम संपद्राय से संबंधित मुद्दों को लेकर बैठक की थी।
बैठक में दोनों आरोपितों के अलावा करीब 100 अन्य लोग भी शामिल हुए थे। आरोपितों ने बताया कि इसी बैठक में शहर में दंगा कराने को लेकर पूरी योजना तैयार की गई थी। इसके बाद सभी ने 26 सितंबर को घटना को अंजाम दिया था। पुलिस अब अन्य आरोपितों की तलाश में जुटी है।
