Jagran Impect : छात्रों को पुस्तकों की ओर आकर्षित करने के लिए रुहेलखंड यूनिवर्सिटी उठाएगी ये कदम Bareilly News
रुहेलखंड विश्वविद्यालय प्रशासन ने लखनऊ की तर्ज पर ‘पढ़े बरेली बढ़े बरेली’ अभियान की शुरु करने का फैसला लिया है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने खाका बनाना शुरू कर दिया है।
हिमांशु मिश्र, बरेली : मोबाइल और इंटरनेट ने छात्र-छात्रओं में पुस्तक पढ़ने की ललक बिल्कुल खत्म कर दी है। इसे दोबारा से छात्रों के बीच कायम करने के लिए रुहेलखंड विश्वविद्यालय प्रशासन ने लखनऊ की तर्ज पर ‘पढ़े बरेली, बढ़े बरेली’ अभियान की शुरु करने का फैसला लिया है। इसके तहत अब प्रत्येक माह के पहले कार्य दिवस में विश्वविद्यालय और महाविद्यालय के छात्रों को अपने कोर्स से हटकर एक घंटा अनिवार्य रूप से पुस्तक पढ़ना होगा। इसका आगाज बड़े पैमाने पर करने की तैयारी है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने खाका बनाना शुरू कर दिया है।
इसके लिए एक घंटे का निश्चित समय निर्धारित किया जाएगा। उसी समय एक साथ विश्वविद्यालय और संबद्ध सभी महाविद्यालयों में छात्र-छात्रएं, शिक्षक सभी एक विषय पर आधारित पुस्तक पढ़ेंगे। यह विषय भी विश्वविद्यालय की ओर से ही निर्धारित किया जाएगा। मसलन कभी किसी महापुरुष की पुस्तक पढ़नी होगी तो कभी साहित्यिक।
इस तरह से छात्रों को नए शब्द सीखने को मिलेंगे। इसके अलावा उनकी रूचि भी पुस्तकों में बढ़ जाएगी। कुलपति प्रो. अनिल शुक्ला ने बताया कि इस अभियान की तैयारी तेज कर दी गई है। जल्द ही इसका शेड्यूल तैयार कर सभी महाविद्यालयों से साझा भी कर लिया जाएगा।
अभियान से स्कूलों को भी जोड़ने की तैयारी : अभियान से स्कूलों को भी जोड़ने की तैयारी है। क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी डॉ. राजेश प्रकाश ने बताया कि अभियान काफी प्रेरक है। सभी स्कूलों को भी इससे जोड़ा जाएगा। इसके लिए जल्द ही जिला विद्यालय निरीक्षक के साथ बैठक कर खाका तैयार कर लिया जाएगा।
लखनऊ में बना है रिकॉर्ड : हाल में राज्यपाल आनंदी बेन पटेल के निर्देश पर लखनऊ में इस अभियान का आगाज हुआ। इसमें एक साथ, एक समय पर दस लाख छात्रों ने पुस्तक पढ़ी। यह वल्र्ड रिकॉर्ड कायम हुआ है। अब इसी तरह बड़ा आयोजन अपने शहर बरेली में भी होगा।