विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रुहेलखंड विवि के लिए खेले, अब विशेष परीक्षा को भटक रहे 70 खिलाड़ी; SBI PO पास छात्र का करियर अटका

Published: Wed, 02 Sep 2026 05:30 AM (IST)

रुहेलखंड विश्वविद्यालय के लगभग 70 खिलाड़ी छात्र खेल प्रतियोगिताओं के कारण छूटी परीक्षाओं के लिए विशेष परीक्षा का इंतजार कर ...और पढ़ें

रुहेलखंड विश्वविद्यालय का खेल काम्प्लेक्स। सौ. विवि

रुहेलखंड विश्वविद्यालय का खेल काम्प्लेक्स। सौ. विवि

HighLights

  1. जनवरी में आयोजित सेंट्रल जोन इंटर यूनिवर्सिटी टूर्नामेंट में प्रतिभागिता के कारण छूटी थी परीक्षा

  2. रुहेलखंड विवि और संबद्ध कालेजों के करीब 70 विद्यार्थियों का परिणाम आया था अधूरा

जागरण संवाददाता, बरेली। राज्य स्तर के खेलों में रुवि का प्रतिनिधित्व करने वाले विद्यार्थियों के हितों की अनदेखी उनका अपना विश्वविद्यालय कर रहा है। जिस विश्वविद्यालय ने परीक्षा के समय उन्हें खेलने के लिए बाहर भेजा, अब वही विशेष परीक्षा कराने में आनाकानी कर रहा है। परीक्षा नहीं दे पाने के कारण विद्यार्थियों की बैक आ गई।

पिछले सात माह से वह छूटी परीक्षा कराने के लिए परीक्षा नियंत्रक कार्यालय के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन उनकी सुनवाई नहीं हो रही है। खेल विभाग ने अब तक उनकी सूची परीक्षा नियंत्रक को नहीं भेजी है। विद्यार्थी दोनों कार्यालयों के चक्कर काट रहे हैं।

परीक्षा नियंत्रक कार्यालय में पहुंचे छात्र हर्षित ने कहा, उन्होंने जनवरी 2026 में आयोजित सेंट्रल जोन इंटर यूनिवर्सिटी फुटबाॅल टूर्नामेंट में रुहेलखंड विश्वविद्यालय की ओर से हिस्सा लिया था। प्रतियोगिता के कारण उनकी तृतीय सेमेस्टर की परीक्षा छूट गई थी।

उस समय विश्वविद्यालय प्रशासन ने आश्वासन दिया था कि खिलाड़ियों के लिए विशेष परीक्षा जल्द आयोजित कराई जाएगी, लेकिन सात महीने बाद भी वादा पूरा नहीं हुआ। परीक्षा न होने के कारण छात्र का परिणाम अधूरा है और बैक दर्शायी जा रही है।

इसका सीधा असर उसके करियर पर पड़ रहा है। हर्षित ने हाल ही में एसबीआइ पीओ प्रारंभिक परीक्षा उत्तीर्ण की है, जबकि मुख्य परीक्षा 12 सितंबर को प्रस्तावित है। अधूरे परिणाम के चलते दस्तावेज सत्यापन और आगे की प्रक्रिया में बाधा आने की आशंका है।

खेल के पुरस्कार के रूप में मिली परेशानी

हर्षित का आरोप है कि वह सात महीनों में कई बार परीक्षा नियंत्रक कार्यालय पहुंच चुके हैं, लेकिन हर बार केवल इंतजार करने को कहा गया। उसका कहना है कि विश्वविद्यालय के लिए मैदान में खेलने का पुरस्कार उसे परेशानी के रूप में मिला है।

यह समस्या केवल एक छात्र तक सीमित नहीं है। विश्वविद्यालय और संबद्ध कालेजों के लगभग 70 विद्यार्थियों की परीक्षाएं खेल प्रतियोगिताओं के कारण प्रभावित हुई थीं।

खेल प्रशासन के अधिकारियों का दावा है कि छठे सेमेस्टर के विद्यार्थियों की विशेष परीक्षाएं कराई जा चुकी हैं, जबकि पांचवें सेमेस्टर की प्रक्रिया जारी है। अब विश्वविद्यालय परिसर के खिलाड़ियों की तृतीय सेमेस्टर की परीक्षाएं शेष हैं।

 

प्रकरण सात माह पुराना है, जोकि मेरे कार्यकाल का नहीं है। छात्र पहली बार मेरे पास आया है। खेल विभाग से प्रभावित विद्यार्थियों की अंतिम सूची प्राप्त होते ही विशेष परीक्षा की तिथि घोषित कर दी जाएगी।

- डाॅ. अनिल कुमार यादव, परीक्षा नियंत्रक, रुहेलखंड विश्वविद्यालय

 

 

प्रतियोगिता में हिस्सा लेने वाले छात्रों की सूची खेल विभाग की ओर से परीक्षा नियंत्रक कार्यालय में पूर्व में भेजी जा चुकी है। अगर किसी प्रकार की समस्या है तो वार्ता कर समाधान कराया जाएगा।

- प्रो. एसएस बेदी, क्रीड़ा सचिव, रुहेलखंड विश्वविद्यालय


यह भी पढ़ें- स्वाइन फ्लू का खौफ: बरेली मंडल में 16 मरीज मिले, एक महिला की मौत; डेंगू-मलेरिया ने भी बढ़ाई चिंता