हथियारबंद चोरों ने किसान को बंधक बना लूटी भैंस
जासं, बरेली : शहर में भैंस चोरी करने वाला हथियारों से लैस एक गैंग बेखौफ घूम रहा है।
जासं, बरेली : शहर में भैंस चोरी करने वाला हथियारों से लैस एक गैंग बेखौफ घूम रहा है। पुलिस के भैंस चोर गिरोह को नजरअंदाज करने की वजह से ही बुधवार देर रात तमंचों से लैस चोर सीबीगंज के चंदपुर जोगियान गावं में घुस गए। पशुशाला में सो रहे युवक को बंधक बनाकर भैंस लूटी और भाग निकले लेकिन पीड़ित के शोर मचाने पर ग्रामीणों ने चोरों की घेराबंदी कर दी। इस पर चोर भैंस को छोड़ जान बचाकर भाग निकले। घटना के करीब एक घंटे के बाद वो भैंस भी वापस लौट आई।
चंदपुर जोगियान निवासी किसान अशरफी लाल कश्यप बुधवार रात अपने घर के सामने पशुशाला में सो रहे थे। उसी दौरान तमंचों से लैस तीन से चार चोर उनकी पशुशाला में आ धमके और उन्हें बंधक बनाकर एक किनारे डाल दिया। इसके बाद चोर भैंस खोलकर भाग गए। किसी तरह अशरफी ने खुद को छुड़ाते हुए शोर मचा दिया। जिसके बाद ग्रामीणों ने चोरों की घेराबंदी कर दी। खुद को चारों ओर से घिरता देख चोर भैंस जंगल में छोड़कर भाग गए। बाद में भी ग्रामीणों ने चोरों को तलाशा मगर वे कहीं दिखाई नहीं दिए। सूचना पर यूपी 100 मौके पर पहुंच गई।