घूमते पशु होंगे नीलाम, लगेगा सख्त जुर्माना
शहर में संचालित डेयरियों में पाले जा रहे पशुओं को डेयरी संचालक अक्सर खुला छोड़ देते हैं।
बरेली (जागरण संवाददाता)। बरेली शहर में घूमते आवारा पशु अब लोगों की परेशानी का कारण नहीं बनेंगे। कमिश्नर के सुझाव पर नगर निगम पशुओं को पकड़ने के लिए नगर निगम प्राइवेट एजेंसी को काम देगा। आवारा पशुओं को पकड़कर नीलाम कराया जाएगा। छोड़ने के बदले बड़ा जुर्माना वसूल किया जाएगा।
शहर में संचालित डेयरियों में पाले जा रहे पशुओं को डेयरी संचालक अक्सर खुला छोड़ देते हैं। पशु सड़कों पर आकर यातायात को प्रभावित करते हैं। कई बार इन पशुओं के कारण लोग चोटिल भी होते हैं। नगर निगम ने बीते कुछ दिनों से पशुओं को पकड़ना शुरू किया है।
पशु पकड़कर गोशाला में छोड़े जा रहे हैं। वहां से उन्हें डेयरी संचालक वापस ले आ रहे हैं। गोशाला में भी जगह कम होने के चलते पशुओं को छोड़ दिया जाता था। बीते दिनों कमिश्नर डॉ. पीवी जगनमोहन ने दैनिक जागरण के फोरम में नगर आयुक्त को सख्त जुर्माना डालने का सुझाव दिया था।
यह भी पढ़ें: कांग्रेस का तीर-कमान अब राहुल व प्रियंका के पास, पोस्टर जारी
एक पशु पर 500 रुपये से एक हजार रुपये तक जुर्माना देना होगा। यदि पशु लेने कोई नहीं आता है तो उन्हें नीलाम कर दिया जाएगा। नगर आयुक्त आरके श्रीवास्तव ने बताया कि जल्द ही पशुओं को पकड़ने के लिए एजेंसियों को आमंत्रित किया जाएगा। इसके बाद कार्रवाई शुरू होगी।
यह भी पढ़ें: बाहुबली विधायक रघुराज प्रताप उर्फ राजा भैया के पिता कुंडा में नजरबंद