Bareilly News: आरक्षण ने बिगाड़ा पार्षदों का गणित, दूसरे वार्डों में तलाश रहे जमीन
नगरीय चुनाव इसी माह होने की उम्मीद जताई जा रही है। नगर निगम क्षेत्र में 80 वार्ड हैं वर्ष 2012 तक यहां 70 वार्ड हुआ करते थे। वर्ष 2017 के चुनाव में 10 वार्ड बढ़े। इसके साथ कई वार्डों में मुहल्ले कम हो गए तो कइयों में मुहल्ले बढ़ गए।
बरेली, जागरण संवाददाता : नगर निगम के वार्डों का आरक्षण आने से कई पार्षदों का गणित बिगड़ गया है। एक नई पारी की शुरुआत करने की आस लगाए बैठे पार्षदों ने अब दूसरी जगह जमीन तलाशनी शुरू कर दी है। वार्डों का करीब 80 प्रतिशत तक आरक्षण बदलने के कारण अधिकतर सीटों पर अब पुराने चेहरे चुनाव नहीं लड़ पाएंगे। फिलहाल आपत्तियों के लिए सात दिन का समय दिया गया है।
नगरीय चुनाव इसी माह होने की उम्मीद जताई जा रही है। नगर निगम क्षेत्र में 80 वार्ड हैं, वर्ष 2012 तक यहां 70 वार्ड हुआ करते थे। वर्ष 2017 के चुनाव में 10 वार्ड बढ़े। इसके साथ ही कई वार्डों में मुहल्ले कम हो गए तो कइयों में मुहल्ले बढ़ गए। इस बार भी आरक्षण में बदलाव नहीं होने की उम्मीद पार्षदों ने जताई थी। मौजूदा बोर्ड में 47 पार्षद भाजपा के और 28 पार्षद सपा के हैं। एक दिन पहले शासन ने वार्डों के आरक्षण की सूची जारी कर दी है। हफ्ते भर में आपत्तियां मांगी गई है। उसके बाद फाइनल सूची जारी की जाएगी।
अगर आपत्तियां नहीं आएंगी तो इस सूची को ही अंतिम मान लिया जाएगा। वार्डों की जारी सूची में करीब 80 प्रतिशत तक आरक्षण बदल गया है। इससे पुराने दिग्गज पार्षदों की कुर्सी खिसक गई है। उनकी सीट का आरक्षण बदलने के कारण वह उस वार्ड से चुनाव नहीं लड़ पाएंगे, जहां उन्होंने पिछले पांच साल विकास कार्य कराए। गनीमत यह रही कि कुछ सीट जो महिला हो गई हैं, वहां मौजूदा पार्षद अपनी मां या पत्नी को उम्मीदवार बनाने की तैयारी में लग गए हैं। नरेश पटेल, वीरेंद्र पटेल बबलू पत्नी को लड़ाएंगे, सुधा शर्मा के पति डा. बनवारी लाल शर्मा टिकट लेने का प्रयास करेंगे।
इन सीटों का नहीं बदला आरक्षण
उप सभापति महेश राजपूत, सपा पार्षद दल नेता राजेश अग्रवाल, सतीश कातिब मम्मा, शशि सक्सेना, गौरव सक्सेना, विकास शर्मा, कपिल कांत, विनोद सैनी, शमीम अहमद, मो. अंजुम
इन पार्षदों की खिसक गई कुर्सी
पूर्व सभापति अतुल कपूर, पार्षद चित्रा मिश्राा, पूर्व सभापति छंगामल मौर्य, अनुपम चमन, दीपक सक्सेना, सौरभ सक्सेना, तब्बसुम नफीस अब दूसरे वार्ड से चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे हैं।