आमने-सामने चला ट्रैफिक तो जाम से राहत
कुतुबखाना चौराहा पर नई व्यवस्था का असर धीरे-धीरे दिख रहा है।
जेएनएन, बरेली: कुतुबखाना चौराहा पर नई व्यवस्था का असर धीरे-धीरे दिख रहा है। आमने-सामने ट्रैफिक को चलाया गया तो जाम नहीं लगा। अमूमन दोपहर में कुतुबखाना चौराहे पर जाम लग रहा था। लेकिन मंगलवार को यहां आसानी से ट्रैफिक गुजरता दिखा।
एसपी ट्रैफिक सुभाष चन्द्र गंगवार ने ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने के लिए कुतुबखाने पर नई व्यवस्था लागू की थी। इसके तहत कोहाड़ापीर से किला व बड़ा बाजार जाने वालों को कटरा मानराय होकर निकाला गया। आलमगिरि गंज से कोहाड़ापीर जाने वालों को सब्जी मंडी, कुतुबखाने होकर जाने का नया रूट बनाया गया। शुरू में दो-तीन दिन तो परेशानी जरूर हुई लेकिन बाद में बात बन गई। मंगलवार को शहर में अच्छी खासी भीड़ थी बावजूद इसके कुतुबखाना चौराहे पर जाम नहीं लगा। दरअसल आमने-सामने ट्रैफिक गुजारा गया। इसके साथ ही कुतुबखाना चौकी के पास पुलिस बूथ पर भी ट्रैफिक पुलिस तैनात कर दी गई। वजह यह भी यहां अगर जाम नहीं लगेगा तो आगे व्यवस्था ठीक रहेगी। कोहाड़ापीर से आने वाले वाहन सीधे निकलते चले जाएंगे।
ठेलों को ले जाने का समय होगा तय
यहां अभी भी किला की तरफ से रिक्शे माल लेकर आते हैं। इससे जाम की स्थिति बनती है। एसपी ट्रैफिक का कहना है चूंकि माल लाने के लिए यही एक रास्ता है लिहाजा इन ठेलों के लिए समय निर्धारित किया जाएगा। इसके लिए जल्दी ही व्यापारियों से बातचीत की जाएगी। नहीं मान रहे रिक्शे वाले
कुतुबखाने पर जाम की मुख्य वजह चौराहों के इर्द-गिर्द खड़े होने वाले रिक्शे भी है। पुलिस ने उन्हें काफी समझाया लेकिन वह नहीं मान रहे हैं। पुलिस अब इन पर सख्ती करने के मूड में है। कुतुबखाने पर जाम को खत्म करने के लिए नई व्यवस्था लागू की गई थी। खुद व्यापारियों ने इसे सही माना है। व्यवस्था बनाने में अभी थोड़ा समय और लगेगा। लोगों का सहयोग चाहिए।- सुभाष चन्द्र गंगवार, एसपी ट्रैफिक