रिपोर्ट की हकीकत जानने किए जाएंगे निरीक्षण : रेखा वर्मा Bareilly News
अधिकारियों की रिपोर्ट को भी क्रास चेक किया जाएगा। इसके लिए स्थलीय निरीक्षण कर रिपोर्ट की सत्यता को परखा जाएगा।
बरेली, जेएनएन : अफसरों की रिपोर्ट की हकीकत भौतिक सत्यापन के जरिये ही सामने आ सकती है। क्रास चेक करने के लिए स्थलीय निरीक्षण किए जाएंगे। दुकानों में बिक रहे घटिया किस्म के बीजों की भी जांच कराई जाएगी। बीजों की क्वालिटी को बेहतर बनाने का प्रयास किया जाएगा। यह कहना है राज्य बीज प्रमाणीकरण संस्था की अध्यक्ष रेखा वर्मा का। जो सर्किट हाउस में पत्रकारों से मुखातिब हुई।
अपना दल पार्टी के कार्यकर्ताओं की बैठक लेने आई रेखा वर्मा ने कहा कि थोक व फुटकर दुकानों में बिकने वाले बीजों की गुणवत्ता ठीक नहीं है। जिसकी जांच कराई जाएगी। अधिकारियों की रिपोर्ट को भी क्रास चेक किया जाएगा। इसके लिए स्थलीय निरीक्षण कर रिपोर्ट की सत्यता को परखा जाएगा। बीज वितरण में पनपने वाले भृष्टाचार पर ग्रेडिंग व टैगिंग से काफी हद तक अंकुश लगाया जा सकता है।
उन्होंने विभागीय अधिकारियों को भी तलब किया। अनुप्रिया पटेल को मंत्री नहीं बनाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि समाज हित में कार्य प्राथमिकता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर सदस्यता अभियान चलाए जाने सहित अन्य दिशा निर्देश भी दिए। इस अवसर पर पदाधिकारी व अन्य लोग उपस्थित रहे।
समस्याओं पर होगी कार्यकर्ताओ की नजर
किसानों की बीज संबंधी समस्याओं पर कार्यकर्ताओं की नजर होगी। जिसकी जानकारी वह तुरंत उन्हें दें। यह आदेश उप्र राज्य बीज प्रमाणीकरण संस्था की अध्यक्ष रेखा वर्मा ने कार्यकर्ताओं को दिए।
इसके साथ ही उन्होंने अपने कार्यालय का निरीक्षण कर अफसरों से बीज संबंधी जानकारी ली और उन्हें किसानों की समस्या का निराकरण करने के भी आदेश दिए। इस मौके पर जिलाध्यक्ष आनंद मोहन पटेल महानगर अध्यक्ष अपना दल (एस) गजेंद्र पटेल, राज बहादुर पटेल, दिनेश पटेल, कृष्ण पाल, संजीव पटेल, योगेंद्र पटेल, अंकित कटियार सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।