Ram mandir in ayodhya : शीतलहर के बावजूद रामदूत पहुंच रहे द्वार-द्वार, लोग भी खुले मन से दे रहे समर्पण निधि
बरेली के सोलह लाख परिवारों तक विश्व हिंदु परिषद और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पदाधिकारी पहुंच रहे हैं। रामदूतों की टोलियों की आरती उतारी जा रही है। रविवार को सर्द मौसम के बावजूद राममंदिर समर्पण निधि संग्रहण अभियान जारी रहा।
बरेली, जेएनएन। बरेली के सोलह लाख परिवारों तक विश्व हिंदु परिषद और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पदाधिकारी पहुंच रहे हैं। रामदूतों की टोलियों की आरती उतारी जा रही है। रविवार को सर्द मौसम के बावजूद राममंदिर समर्पण निधि संग्रहण अभियान जारी रहा। केंद्रीय मंत्री संतोष गंगवार, शहर विधायक डॉ. अरुण कुमार उद्यमियों और कारोबारियों के घरों में पहुंचे। राममंदिर के लिए पूरी श्रद्धा के साथ लोग उन्हें समर्पण राशि अर्पित करते रहे।
महानगर को 12 नगरों में विभाजित किया गया है। शहर में 540 रामदूतों की टोलियां संग्रहण कर रही है। पहले दो दिन छूटे हुए परिवारों से संपर्क करने के लिए रामदूत फोन पर भी संपर्क करते रहे। मजबूत आस्था के चलते लोग खुद ही रामदूतों से संपर्क कर रहे हैं। 22 जनवरी तक चलने वाले इस अभियान में निर्धन और असहायों के घरों तक भी रामदूत पहुंच रहे हैं। कही राजेंद्रनगर की दिव्यांग बच्ची अपने बैंक खाते से ग्यारह हजार रुपये की समर्पण राशि दे रही है। कही मंदिर के बाहर बैठी निर्धन महिला दस रुपये का दान समर्पित कर रही है। रिक्शा चलाने वाले भी रामदूतों को देखकर उन्हें बुलाकर समर्पण राशि दे रहे हैं।
78 वर्षीय घनश्याम के जेाश ने सबको पछाड़ा
रविवार को शीतलहर के बावजूद 78 वर्षीय घनश्याम पांडे केसरियो झोला लिए, संकलन के लिए निकल पड़े। वह आरएसएस के पुराने स्वयंसेवक हैं। मातृशक्ति और युवाओं की टोलियां भी पूरे जोश के साथ अभियान में जुटे हुए हैं।
विष्णु अग्रवाल ने रामदूतों का पहले स्वागत किया फिर सौंपी समर्पण निधि
बरेली : अयोध्या में श्रीराम के भव्य मंदिर निर्माण के लिए रविवार को केंद्रीय मंत्री संतोष गंगवार की अगुवाई में रामदूतों की टोली समर्पण निधि एकत्र करने के लिए निकली। संतोष गंगवार समेत रामदूतों की टोली साहूकारा स्थित कारोबारी विष्णु अग्रवाल के घर पहुंची। विष्णु अग्रवाल ने समर्पण निधि सौंपने से पहले रामदूतों का स्वागत किया। समाजसेवी विष्णु अग्रवाल, अंकुर अग्रवाल और सर्वेश अग्रवाल ने केंद्रीय मंत्री संतोष गंगवार को समर्पण निधि का चेक भेंट किया। राजश्री कॉलेज के राजेंद्र अग्रवाल, जीवन धारा के डॉ. सत्येंद्र सिंह ने भी समर्पण निधि सौंपी। इस मौके पर केंद्रीय मंत्री संतोष गंगवार, विभाग प्रचारक आनंद, गुलशन आनंद, आदेश प्रताप सिंह उपस्थित रहे।