पीलीभीत में परिजन करते रहे काम, याद आई तो तालाब में मिलें 'राम' Pilibhit News
संजीत का ढाई साल का बेटा राम पड़ोस के नंद गोपाल बैरागी की पुत्री के साथ खेल रहा था। तालाब के किनारे खेल रहे मासूम राम का पैर अचानक फिसल गया। जिसके चलते वह तालाब में डूब गया।
पीलीभीत, जेएनएन। उत्तर प्रदेश के पीलीभीत में जरा सी लापरवाही उस समय ढाई साल के मासूम की जिंदगी पर भारी पड़ गई, जब तालाब में डूबने से उसकी मौत हो गई। जिसके बाद से परिजनों के बीच कोहराम मचा हुआ है।
घटना पीलीभीत टाइगर रिजर्व से सटे गांव पुरैना ताल्लुक महाराजपुर की है। यहां रहने वाले संजीत का ढाई साल का बेटा राम पड़ोस के नंद गोपाल बैरागी की पुत्री के साथ खेल रहा था। तालाब के किनारे खेल रहे मासूम राम का पैर अचानक फिसल गया। जिसके चलते वह तालाब में डूब गया।
इधर परिजन अपने काम में व्यस्त रहे। काफी देर बाद जब उन्हें राम कहीं नजर नहीं आया तो परिजनों ने उसे खोजना शुरु किया। अन्य लोगों ने भी आसपास खोजा। तभी उन्हें मासूम का शव तालाब में उतराता दिखा। परिजन उसे लेकर तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के उपरांत उसे मृत घोषित कर दिया।