बाघ एक्सप्रेस में रेलकर्मी ने की महिला से छेड़छाड़ Bareilly News
ट्रेन के रामपुर स्टेशन से निकलने के बाद देर रात करीब 1.10 बजे महिला ने शोर मचाना शुरू कर दिया।
बरेली, जेएनएन : काठगोदाम से जंक्शन की ओर आ रही बाघ एक्सप्रेस में रेलकर्मी ने महिला से छेड़छाड़ की। पीडि़ता के पति ने आरोपित रेलकर्मी को मौके से ही पकड़कर ट्रेन में मौजूद जीआरपी स्टाफ के हवाले कर दिया।
देवरिया निवासी दंपती शनिवार रात बाघ एक्सप्रेस के स्लीपर कोच में सफर कर रहे थे। पत्नी मीडिल बर्थ पर लेटी थीं। ट्रेन के रामपुर स्टेशन से निकलने के बाद देर रात करीब 1.10 बजे महिला ने शोर मचाना शुरू कर दिया। महिला का आरोप था कि सामने की मिडिल बर्थ पर मौजूद रेलकर्मी ने उसके साथ छेड़छाड़ की। महिला के शोर मचाने पर उसके पति ने रेलकर्मी को पकड़ लिया।
शोर शराबा होने पर ड्यूटी पर मौजूद जीआरपी रामपुर के जवान भी पहुंच गए। इसके बाद रेलकर्मी को पकड़ कर उनके हवाले कर दिया गया। आरोपित आनंद कुमार सिद्धार्थ नगर का रहने वाला है। आनंद रेलवे में ही इलेक्ट्रीशियन है और रामपुर में तैनात है। वह ड्यूटी ऑफ कर घर वापस लौट रहा था। जंक्शन पर ट्रेन पहुंचने के बाद महिला के पति की तहरीर पर आरोपित रेलकर्मी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कोर्ट में पेश किया। जहां से उसे जेल भेज दिया गया।