शादी समारोह में युवक की मौत का पुलिस ने किया राजफाश, डीजे बंद करने पर गोली मारकर कर दी गई थी हत्या
बहेड़ी के पचपेड़ा गांव में शादी समारोह के दौरान 19 वर्षीय भारत को गोली मारकर हत्या के आरोपित हारेंद्र उर्फ माली निवासी खुटिया थाना बहेड़ी को पुलिस गिरफ्तार कर लिया है। उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त तमंचा भी बरामद कर लिया गया है।
बरेली, जेएनएन। बहेड़ी के पचपेड़ा गांव में शादी समारोह के दौरान 19 वर्षीय भारत को गोली मारकर हत्या के आरोपित हारेंद्र उर्फ माली निवासी खुटिया थाना बहेड़ी को पुलिस गिरफ्तार कर लिया है। उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त तमंचा भी बरामद कर लिया गया है। पूछताछ में आरोपित ने बताया कि डीजे पर डांस के दौरान भारत से विवाद हो गया था।
विवाद बढ़ा तो भारत ने जबरन डीजे बंद करा दिया। उसके साथ उसके कई परचित लोग थे। जिनके सामने उनकी काफी बेज्जती हो गई। इसी लिए उसने तैश में आकर शादी समारोह से खाना खाकर लौट रहे भारत को गोली मार दी थी। पुलिस ने आरोपित से पूछताछ के बाद असलहे को बैलेस्टिक जांच के लिए लैब भेजने के बाद आरोपित को जेल भेज दिया है।
बहेड़ी के पचपेड़ा गांव निवासी डूंगर प्रसाद की पुत्री की गुरुवार को शादी थी। शादी में गांव का छात्र भारत भी शामिल था। देर रात डीजे पर डांस हो रहा था। उसी दौरान भारत का डांस के दौरान खुटिया गांव निवासी हरेंद्र उर्फ माली से विवाद हो गया। कहासुनी के बाद दोनों में गाली गलौज शुरू हो गई।
जिस पर भारत ने डीजे बंद करा दिया। जिससे नाराज होकर हरेंद्र ने खाना खाकर लौट रहे भारत की तमंचे से गोली मारकर हत्या कर फरार हो गया था। पुलिस ने भारत के पिता चंद्रपाल की तहरीर पर हरेंद्र के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। पुलिस तीन दिन से हरेंद्र की तलाश कर रही थी।
शनिवार रात पुलिस को पता चला कि आरोपित आरोपित गरीबपुर तिराहे पर खड़ा है। जिसके बाद पुलिस ने आरोपित को धर दबोचा।इंस्पेक्टर गीतेश कपिल ने बताया कि आरोपित को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त तमंचा बरामद कर लिया है। आरोपित ने हत्या की बात कबूल कर ली है।