रिश्तेदारों को फंसाने के लिए ‘किराये की दुष्कर्म पीड़िता’ संग रची साजिश, जांच में खुली पोल Bareilly News
बेटी के ससुरालीजनों को फंसाने के लिए अजब कहानी गढ़ दी गई। रुपये का लालच देकर एक महिला को साजिश में शामिल किया गया और उसने चार लोगों पर दुष्कर्म का आरोप लगा दिया
जेएनएन, बरेली : बेटी के ससुरालीजनों को फंसाने के लिए अजब कहानी गढ़ दी गई। रुपये का लालच देकर एक महिला को साजिश में शामिल किया गया और उसने चार लोगों पर दुष्कर्म का आरोप लगा दिया। जांच में मामला खुला तो पुलिस भी इस शातिर अंदाज से दंग रह गई।
गुरुवार रात नौ बजे नैनीताल मार्ग पर औद्योगिक क्षेत्र के पास एक महिला की चीख सुनाई पड़ी। सुनकर आसपास के लोग इकट्ठे हुए तो कहने लगी कि उसे चार लोग अगवा कर लाए और सामूहिक दुष्कर्म किया। सूचना पर यूपी 100 व थाना प्रभारी निरीक्षक मनोज त्यागी मौके पर पहुंचे थे। सामूहिक दुष्कर्म का मामला बताया गया इसलिए एसपी देहात डा. संसार सिंह व सीओ नवाबगंज योगेंद्र सिंह ने भी पूछताछ की। बयानों में मामला कुछ संदिग्ध लगा तो अफसरों ने जांच को कह दिया। खुद को पीड़ित कहने वाली महिला ने नाम तो बताए मगर आरोपितों के बारे में और कुछ नहीं बता सकी।
ऐसे खुली पोल
महिला ने जिन आरोपितों के नाम पुलिस को बताए, उनमें से दो को पुलिस पकड़ लाई। बयानों के आधार पर शक पहले ही था इसलिए पुलिस ने उन दो आरोपितों व दो सिपाहियों को भी सादा कपड़े पहनाकर बैठा दिया। इसके बाद महिला से उनकी शिनाख्त कराई तो वह किसी को नहीं पहचान सकी।
इसलिए कही झूठी कहानी: पोल खुलने पर जब महिला से पूछा कि उसने दुष्कर्म का झूठा आरोप क्यों लगाया तब उसने हकीकत बयां की। कहा कि भोजीपुरा क्षेत्र के एक गांव में रहने वाली महिला से परिचय था। उसने कहा था कि उसकी बेटी के ससुराल वाले खराब लोग हैं, उन्हें जेल कराना है। ऐसा कर नामजद रिपोर्ट दर्ज कराएगी तो ससुराल वाले जेल चले जाएंगे। इसके बदले उसे रुपये देंगे। उसी की स्क्रिप्ट पर काम किया और झूठे आरोप लगाए।
साजिश रचने के आरोपितों की तलाश
सीओ नवाबगंज योगेंद्र सिंह ने बताया कि झूठे आरोप लगाने वाली महिला व दुष्कर्म की गलत सूचना देने वाले की तलाश की जा रही है। साजिश रचने के आरोप में उनके खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।