सोमवती अमावस्या पर सुबह से ही मंदिरों में उमड़े श्रद्धालु
सोमवती अमावस्या व सावन के तीसरे सोमवार को मंदिरों मे सुबह से ही भीड़ रही। सभी श्रद्धालुओं ने शारीरिक दूरी का पालन करते हुए दर्शन किए।
बरेली, जेएनएन : सोमवती अमावस्या व सावन के तीसरे सोमवार को मंदिरों मे सुबह से ही भीड़ रही। सभी श्रद्धालुओं ने शारीरिक दूरी का पालन करते हुए दर्शन किए।
श्रावण के तीसरे सोमवार और सोमवती अमावस्या के विशेष संयोग के चलते श्रद्धालुओं की भीड़ सुबह से ही शिवालयों में पहुंची। नाथ नगरी के अधिकांश मंदिरों में दूर से ही पाइप के माध्यम से जलाभिषेक की व्यवस्था की गई थी। आचार्य मुकेश मिश्र बताते हैं कि शहर में अधिकांश लोगों ने अपने घरों पर ही रुद्राभिषेक के बाद जलाभिषेक किया। सोमवती अमावस्या पर लोगों ने घर पर गंगाजल से स्नान के बाद अपने पितरों को याद कर तर्पण किया। बनखंडीनाथ, टिबरीनाथ, अलखनाथ, सिद्धनाथ, पशुपतिनाथ, आनंद आश्रम, धोपेश्वरनाथ मंदिरों में शारीरिक दूरी के साथ श्रद्धालुओं ने दर्शन किया। केवल आनंद आश्रम में भक्तों को शिवलिग पर जलाभिषेक का अवसर मिला। सेवादारों ने गेट पर ही श्रद्धालुओं के हाथ सैनिटाइज कराकर शारीरिक दूरी के साथ मंदिर में प्रवेश कराया।
रामगंगा में लगाई श्रद्धा की डुबकी
सोमवती अमावस्या पर रामगंगा में श्रद्धालुओं ने आस्था की डुबकी लगाई। हालांकि कोविड-19 के चलते भीड़ काफी कम रही। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए पुलिस भी तैनात रही।
-------------------
रिमझिम फुहारों ने दी गर्मी से राहत
बरेली: सावन के दूसरे सोमवार को रिमझिम फुहारों ने मौसम सुहावना बना दिया। सुबह से दोपहर तक रुक-रुक कर बारिश हुई। इससे न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस कम हो गया। इससे गर्मी से लोगों को राहत मिली। मौसम विभाग ने अगले दो-तीन दिनों तक हल्की बारिश की संभावना जताई है। सोमवार सुबह से ही बादल छाए हुए थे। हवाएं भी ठंडी चल रहीं थीं। सुबह थोड़ी देर बूंदाबांदी के बाद करीब 11 बजे अचानक तेज बारिश शुरू हो गई। 20 मिनट तक कैंट, सिविल लाइन व आसपास जोरदार बारिश हुई। सिटी स्टेशन व मढ़ीनाथ इलाके में हल्की बारिश व कहीं-कहीं बूंदाबांदी भी हुई। हालांकि शाम तक उमस बढ़नी शुरू हो गई थी। मौसम विज्ञानी आरके सिंह बताते हैं कि सुबह से दोपहर तक में 1.4 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। बरेली का अधिकतम तापमान 32.2 और न्यूनतम 27.2 डिग्री सेल्सियस रहा। अगले दो दिनों तक हल्की बारिश की संभावना है।