विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

CBSE Result: 'सही जवाब पर मिले 0 नंबर', कापियां देखकर चौंके छात्र, 25 अंक तक बढ़ने का दावा, 50 से अधिक छात्र प्रभावित

Published: Wed, 27 May 2026 03:54 PM (IST)

सीबीएसई इंटरमीडिएट परीक्षा के मूल्यांकन में लापरवाही सामने आई है, जहाँ बरेली के 50 से अधिक छात्रों ने अपनी उत्तर ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक चित्र

प्रतीकात्मक चित्र

HighLights

  1. सीबीएसई इंटरमीडिएट परीक्षा के परिणाम घोषित होने के बाद अब उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन का मामला

जागरण संवाददाता, बरेली। सीबीएसई इंटरमीडिएट परीक्षा के परिणाम घोषित होने के बाद अब उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन को लेकर सवाल खड़े होने लगे हैं। जिले के 50 से अधिक विद्यार्थियों ने कापियों की डिजिटल स्कैन प्रतियां प्राप्त करने के बाद जांच में गंभीर त्रुटियां मिलने का दावा किया है। कई छात्रों का कहना है कि सही उत्तरों पर अंक नहीं दिए गए, कुछ प्रश्नों की जांच अधूरी छोड़ी गई और कई जगह पूरे उत्तर पर शून्य अंक दर्ज कर दिए गए।

विद्यार्थियों ने विषय विशेषज्ञ शिक्षकों से अपनी कापियों की दोबारा जांच कराई, जिसमें कई मामलों में अंक बढ़ने की संभावना सामने आई है। छात्रों और अभिभावकों में इसको लेकर नाराजगी देखी जा रही है। सीबीएसई की ओर से इस वर्ष विद्यार्थियों को ईमेल के माध्यम से उत्तर पुस्तिकाओं की स्कैन कापी उपलब्ध कराई गई, जिससे मूल्यांकन संबंधी त्रुटियां सामने आ सकीं।

विद्यार्थियों का कहना है कि यदि उन्होंने कापी न मंगाई होती तो उन्हें अपनी मेहनत के अनुरूप अंक नहीं मिल पाते। पद्मावती स्कूल के प्रबंधक पारुष अरोरा ने कहा कि बच्चों के पास कापी आ गई है, यदि कुछ गलत है तो उसे ठीक किया जाएगा। इसीलिए सीबीएसई ने यह पारदर्शी व्यवस्था लागू की है, ताकि गलतियां नहीं रह जाएं। वेबसाइट पर दिए गए निर्देशों के अनुसार विद्यार्थी कार्य करें।

बाकी सभी विषयों में 90 से ज्यादा अंक आए हैं, लेकिन फिजिक्स में केवल 77 अंक मिले। जब मैंने अपनी कापी टीचर से चेक कराई तो पता चला कि कई उत्तरों के अंक जोड़े ही नहीं गए थे। - रचित त्रिवेदी

फिजिकल एजुकेशन की कापी मंगाई थी। टीचर से जांच कराने पर पता चला कि कई सही उत्तरों पर अंक नहीं दिए गए। करीब 12 अंक बढ़ने की संभावना बताई गई है, जिससे रिजल्ट में बड़ा फर्क पड़ेगा। - नैतिक गुप्ता

फिजिक्स, केमिस्ट्री, इंग्लिश, मैथ्स और कंप्यूटर पांचों विषयों की कापी मंगाई। जांच में पता चला कि लगभग हर विषय में मूल्यांकन संबंधी गलतियां हैं और अंक बढ़ सकते हैं। - अक्ष सक्सेना

फिजिक्स की कापी देखकर मैं खुद हैरान रह गया। कई सवालों के बिल्कुल सही जवाब देने के बावजूद शून्य अंक दिए गए हैं। टीचर ने जांच के बाद कहा कि मेरे करीब 25 अंक बढ़ सकते हैं। - श्रेयस पालीवाल

 

कुछ मामलों में मूल्यांकन त्रुटियां हो सकती हैं, जिन्हें रिवैल्यूएशन प्रक्रिया में सुधारा जाएगा। विद्यार्थियों को धैर्य रखने और बोर्ड की वेबसाइट पर दिए गए दिशा-निर्देशों का पालन करने की जरूरत है।

- ममता सक्सेना, समन्वयक, सीबीएसई


यह भी पढ़ें- यूपी के इन 5 सरकारी आयुर्वेद कॉलेजों में शुरू होंगे PG कोर्स, बरेली समेत इन शहरों के छात्रों को बड़ा तोहफा

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।