Pilibhit Tiger Reserve : जंगल से निकलने पर फारेस्ट गार्ड व वाचर को ग्रामीणों ने पीटा, छीनी राइफल
पीलीभीत टाइगर रिजर्व में रविवार को रात जंगल से निकलने के दौरान फॉरेस्ट गार्ड व वाचर का ग्रामीणों से विवाद हो गया। जिसके चलते ग्रामीणों ने दोनों की पिटाई कर उनसे राइफल छीन ली।
पीलीभीत, जेएनएन : पीलीभीत टाइगर रिजर्व में रविवार को रात जंगल से निकलने के दौरान फॉरेस्ट गार्ड व वाचर का ग्रामीणों से विवाद हो गया। जिसके चलते ग्रामीणों ने दोनों की पिटाई कर उनसे राइफल छीन ली। सूचना मिलते ही अफसरो और पुलिस अधिकारियों में हड़कप मच गया। पुलिस ने ग्रामीणों को दबोच कर उनके कब्जे से छीनी राइफल बरामद कर ली है।
पीलीभीत टाइगर रिजर्व की भूड्ढा चौकी पर तैनात फॉरेस्ट गार्ड बाबूराम और वाचर पातीराम रविवार रात का जंगल से निकल रहे थे। इसी दौरान गांव फैजुल्लागंज के पास कुछ ग्रामीणों से उनका विवाद हो गया। बात बढ़ने पर दोनों कर्मचारियों ने ग्रामीणों की पिटाई लगा दी।
ग्रामीणों ने मारपीट की सूचना फोन पर अन्य ग्रामीणों को दी, जिस पर मौके पर पहुंचे अन्य ग्रामीणों ने दोनों कर्मचारियों को पीटकर घायल कर दिया। इसके बाद हमलावर ग्रामीण उनकी राइफल छीन ले गए। कर्मचारियों ने इसकी सूचना वन विभाग के अधिकारियों को दी।
जानकारी मिलते ही अानन फानन में वन विभाग का अमला सहित माधोटांडा पुलिस मौके पर पहुंच गई। जिसके बाद हमलावर दो ग्रामीणों को वन विभाग के कर्मचारियों के दबोच लिया। उन्हें पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है। इसके साथ ही छीनी गई राइफल भी बरामद कर लिया।
वन विभाग ने आरोपितों के खिलाफ तहरीर दे दी है। मामले में पहले ग्रामीणों द्वारा मारपीट की गई। इसके बाद वन कर्मचारियों ने भी मारपीट की। इस मामले में पुलिस ने अपनी कार्रवाई शुरू कर दी है।