Murder in Bareilly : बरेली में नौ वर्षीय बच्ची की गला दबाकर हत्या Bareilly News
फतेहगंज पश्चिमी में शनिवार देर रात इस्लामनगर निवासी वाहिद की नौ वर्षीय बेटी फिजा की गला दबाकर हत्या कर दी गई। उसका शव घर के पीछे शौचालय में मिला।
बरेली, जेएनएन। फतेहगंज पश्चिमी में शनिवार देर रात इस्लामनगर निवासी वाहिद की नौ वर्षीय बेटी फिजा की गला दबाकर हत्या कर दी गई। उसका शव घर के पीछे स्थित जहूर सैफी के मकान के निर्माणाधीन शौचालय में पड़ा मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर रविवार सुबह पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। वाहिद ने गांव के ही एक युवक पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर गांव के ही अलाउद्दीन पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या की पुष्टि हो गई है। हालांकि पुलिस कई पहलुओं पर जांच कर रही है।
वाहिद ने बताया कि शनिवार शाम सात बजे से ही फिजा घर पर नहीं थी। काफी खोजबीन के बाद भी उसका पता नहीं चला तो उसने आसपास के गांवों की मस्जिदों से एलान भी कराया। पूरा गांव उसकी तलाश में जुट गया। पता चलने पर रात में ही वाहिद जहूर सैफी के घर से अपनी मृत बेटी का शव ले आया और पड़ोसी पर हत्या का आरोप लगाते हुए शोर मचाने लगा। शोर सुनकर पहुंचे गांववालों ने मामले को संदिग्ध बताते हुए वाहिद पर आरोप लगाया कि शाम को काफी लोगों ने फिजा को उसके साथ घूमते देखा था, इसलिए घटना गले नहीं उतर रही है। रविवार शाम पोस्टमार्टम के बाद शव मिलने पर बालिका को दफनाकर घर वाले फरार हो गए हैं। वाहिद कस्बे का निवासी है। 12 साल से अपनी ससुराल इस्लामनगर में रह रहा था। पत्नी फरजाना घटना के समय घर नहीं थी। कुछ दिनों से वह अपने परिचित के यहां रह रही थी। फिजा अपने पांच भाई बहनों में सबसे छोटी थी।
हत्या की वजह नहीं स्पष्ट
पुलिस की माने तो आरोपित का छह महीने पहले बच्चों को लेकर वाहिद से झगड़ा हुआ था। विवाद इतना बड़ा नहीं था कि बालिका की हत्या की जाए। आरोपित से पूछताछ की जा रही है।
कई पहलुओं पर हो रही जांच
हत्या के बाद पुलिस कई पहलुओं पर जांच कर रही है। पुलिस की माने तो पिता के साथ बेटी को दो बार देखा गया। एक बार पुलिया पर बैठे हुए दूसरी बार जंगल की तरफ जाते हुए। गायब होने के बाद पिता ही बेटी के शव को लेकर घर पहुंचा और शव घर ले जाने के बाद आरोपित पर आरोप लगाकर रोने लगा।
क्या बोले पुलिस अधिकारी
थाना प्रभारी चंद्र किरण यादव ने बताया कि पिता की तहरीर पर गांव के ही एक युवक के विरुद्ध हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। साक्ष्यों के आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी।