निदा खान को मिली विकिपीडिया पर इंडियन मलाला की पहचान
आला हजरत हेल्पिंग सोसायटी की अध्यक्ष निदा खान को विकिपीडिया पर एक नई पहचान मिली है।
बरेली(जेएनएन)। तीन तलाक के खिलाफ आवाज उठाकर सुर्खियों में आई आला हजरत हेल्पिंग सोसायटी की अध्यक्ष निदा खान को विकिपीडिया पर एक नई पहचान मिली है। विकिपीडिया ने निदा के पूर्व शौहर के साथ हुए एक घटनाक्रम का हवाला देते हुए अपने एकाउंट पर निदा के नाम साथ इंडियन मलाला की उपलब्धि जोड़ी है।
निदा खान की शादी आला हजरत खानदान के शीरान रजा खान के साथ हुई थी। दोनों के बीच विवाद के बाद तलाक का मामला कोर्ट में चल रहा है। इस बीच निदा ने तीन तलाक, हलाला व बहु विवाह पीड़ित महिलाओं की आवाज उठाई। जिस पर इसी साल जुलाई में उनके खिलाफ एक फतवा जारी हुआ था। इस फतवे में निदा को इस्लाम से खारिज करने का फैसला सुनाया गया था। साथ ही उनका हुक्का-पानी कर देने का एलान हुआ। यह फतवा देश भर में सुर्खियां बना। राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग से लेकर महिला आयोग तक ने फतवे का संज्ञान लिया। निदा की हिमायत में बॉलीवुड से लेकर देश के बुद्धिजीवी वर्ग से आवाजें उठीं। फतवे की घटना के समय ही जुलाई में विकिपीडिया पर निदा का एकाउंट बना। इसमें उन्हें देश की प्रमुख महिला अधिकार कार्यकर्ता दर्ज किया गया। दोबारा विकिपीडिया का एकाउंट अपडेट होने पर निदा को इंडियन मलाला का नाम मिला है।
इसलिए मिला यह खिताब
निदा को 2015 में उनके शौहर शीरान रजा ने पोस्ट ग्रेजुएशन की परीक्षा देने से रोक दिया था। इसी के चलते उन्हें इंडियन मलाला का नाम मिला। विकिपीडिया ने इसी तथ्य के साथ अपने एकाउंट पर उन्हें इंडियन मलाला लिखा है। 2015 में ही निदा खान की शादी हुई थी। परीक्षा के विवाद के बाद से ही उनके और शौहर के बीच फासला बढ़ता गया।