बरेली: NCB हेल्पलाइन का फर्जी हेड बनकर 36 युवाओं को ठगा, 72 हजार रुपये ऐंठकर थमाया फर्जी लेटर
एनसीबी हेल्पलाइन में संविदा पर नौकरी दिलाने के नाम पर बरेली में 36 लोगों से ठगी की गई। आरोपियों ने ...और पढ़ें

एआई इमेज है।
जागरण संवाददाता, बरेली। नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) हेल्पलाइन में संविदा पर नौकरी दिलाने का झांसा देकर 36 लोगों से ठगी कर ली गई। आरोपितों ने खुद को सेंट्रल कम्युनिकेशन हेड बताकर पीड़ितों को भरोसे में लिया। व्हाट्सएप ग्रुप बनाकर फर्जी तरह से आनलाइन इंटरव्यू कराया और चयन का झांसा देकर रुपये वसूल लिए। मामले में अलीगंज थाने में प्राथमिकी लिखाई है।
शाहजहांपुर के मदनापुर थाना क्षेत्र के बड़ी खास गांव निवासी प्रशांत कुमार पाठक ने पुलिस को बताया कि, अलीगंज के शिवनगर नैनोवा गांव निवासी अमित कुमार और विवेक शर्मा ने खुद एनसीबी हेल्पलाइन का हेड बताकर परिचय कराया था।
उसने कहा था कि इन दिनों हेल्पलाइन में संविदा पर नौकरी निकली है। जिसमें वह आवेदन कर सकते हैं। झांसा दिया कि एक अच्छी नौकरी उन्हें मिल जाएगी।
आरोप है कि आरोपित ने कहा कि जितने लोग आवेदन करेंगे प्रत्येक अभ्यर्थी से दो हजार रुपये आनलाइन फीस ली जाएगी। प्रशांत ने अपने समेत 35 साथियों के दस्तावेज विवेक शर्मा को भेजे और कुल 72 हजार रुपये का भुगतान किया।
इसके अलावा कैरेक्टर सर्टिफिकेट के लिए सभी अभ्यर्थियों से 250-250 रुपये लिए गए। जल्दी इंटरव्यू कराने के नाम पर तीन किश्तों में 45 हजार रुपये भी वसूले गए।
इसके बाद आरोपितों ने अभ्यर्थियों का व्हाट्सएप ग्रुप बनाया और उसके जरिये आनलाइन इंटरव्यू भी लिया। इसके बाद गूगल शीट साझा की गई, जिसमें अभ्यर्थियों को चयनित व रिजेक्ट दिखाया गया। चयनित अभ्यर्थियों को तीन माह में आफर लेटर देने का भरोसा दिया गया।
आरोपितों ने बाद में तिरुवनंतपुरम जोन में तैनाती का वादा किया। लेटर नहीं मिलने पर अभ्यर्थियों ने संपर्क किया तो आरोपित टालमटोल करने लगे। बाद में बताया गया कि बिना ज्वाइनिंग के ही मई 2026 से वेतन शुरू हो गया है।
इस पर एक अभ्यर्थी को शक हुआ और तो युवकों ने जांच की पता चला कि, विवेक शर्मा करीब तीन-चार माह ही हेल्पलाइन में काम कर चुका था और अब उसे सेवा से हटाया जा चुका है। अब मामले में पुलिस ने शिकायती पत्र के आधार पर प्राथमिकी लिख ली है।
